
पुरानी रंजिश में ठेला संचालक और उसके साथी पर हमला,तीन की गिरफ्तारी के बाद चौथा फरार आरोपी भी पकड़ाया

राजीव गांधी चौक के पास सुबह 4 बजे लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से किया था हमला
घायल ठेला संचालक अस्पताल में हुआ था भर्ती
बिलासपुर। पुरानी रंजिश को लेकर इडली-डोसा ठेला संचालक और उसके साथी के साथ मारपीट करने के मामले में सिविल लाइन पुलिस ने फरार चल रहे चौथे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले पुलिस इस घटना में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। पकड़े गए आरोपी की पहचान फरहान खान निवासी भारतीय नगर के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, घटना 5 नवंबर की सुबह करीब 4 बजे राजीव गांधी चौक के पास हुई थी। हर्ष धनकर वहां इडली-डोसा का ठेला लगाते हैं। उनका सहयोगी रितेश कुमार साहू भी उस समय दुकान पर मौजूद था। इसी दौरान भारतीय नगर मिनी बस्ती और तालापारा की ओर से आए कुछ युवकों ने पुरानी रंजिश को लेकर विवाद शुरू कर दिया। विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए हर्ष धनकर पर लाठी-डंडे, लोहे की रॉड और अन्य वस्तुओं से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे रितेश साहू के साथ भी मारपीट की गई। हमले में घायल हर्ष धनकर को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था।
रितेश साहू की शिकायत पर सिविल लाइन पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 6 नवंबर को ऋषभ राज कोसले , राहुल चतुर्वेदी और सारिक अली को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया था। वहीं, फरहान खान घटना के बाद से फरार था।
पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि फरहान अपने घर आया हुआ है। सूचना पर पुलिस टीम ने दबिश देकर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर मारपीट की घटना में शामिल होना स्वीकार किया। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।इस मामले में अब तक चार आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।




