मवेशी चराने और पौधरोपण के विवाद में दो पक्ष भिड़े, 17 पर काउंटर दर्ज

एक पक्ष ने महिलाओं से छेड़छाड़ और मारपीट का लगाया आरोप
दूसरे ने रास्ता रोककर हमला करने व लूट की शिकायत की
दोनों पक्षों के आरोपी गिरफ्तार
बिलासपुर। तखतपुर के जूनापारा पुलिस चौकी अंतर्गत ग्राम सफरीभाठा में सरकारी जमीन पर मवेशी चराने और पौधरोपण को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। दोनों पक्षों के कई लोग घायल हुए हैं। एक पक्ष ने महिलाओं से छेड़छाड़, गाली-गलौज और मारपीट का आरोप लगाया है, जबकि दूसरे पक्ष ने रास्ता रोककर लाठी-डंडे, लोहे की रॉड और धारदार हथियार से हमला करने तथा लूट की शिकायत की है। पुलिस ने दोनों पक्षों की रिपोर्ट पर 17 लोगों के खिलाफ काउंटर केस दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पहले पक्ष से सफरीभाठा निवासी नरेश पाल ने शिकायत दर्ज कराई कि 22 नवंबर की शाम वह गांव की सरकारी जमीन पर मवेशी चराने के लिए उन्हें एकत्र कर रहा था। इसी दौरान गांव के पवन यादव, बीरन उर्फ वीरेंद्र यादव, डमरू यादव और मुंगेली जिले के ग्राम पैजनिया निवासी गोविंद यादव, प्रकाश यादव, रामस्वरूप यादव, नरोत्तम यादव व भागबली यादव शराब के नशे में वहां पहुंचे। आरोप है कि सभी ने एक राय होकर घर की महिलाओं से छेड़छाड़ की। विरोध करने पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और डंडों से मारपीट की।
वहीं दूसरे पक्ष से प्रकाश यादव ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह सफरीभाठा स्थित खेत की रखवाली कर घर लौट रहा था। तभी सगौन प्लॉट के पास पकलू पाल, सुरेश पाल, नरेश पाल, परमेश्वर पाल, ज्ञान पाल, दुकालू पाल, जगदीश पाल, मोहन पाल और रामाधार पाल ने रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने चरागाह की जमीन पर पौधे लगाने और उन्हें वहां से भगाने के विवाद के साथ शराब पीने के लिए रुपए मांगे। मना करने पर लाठी-डंडे, लोहे की रॉड और धारदार हथियार से हमला कर दिया। मारपीट में भागबली यादव और गोविंद यादव गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गए। उन्हें सिम्स बिलासपुर और लोरमी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर कार्रवाई की है।




