
विरोध के बाद हॉस्टल की जमीन की नापजोख शुरू, 25 भू-स्वामियों को नोटिस

साइंस कॉलेज रोड पर सड़क-नाली निर्माण का विवाद
राजस्व और निगम की 12 सदस्यीय टीम ने हेलीपैड के पास शुरू किया सीमांकन
बिलासपुर। साइंस कॉलेज से चांटीडीह सब्जी मार्केट तक प्रस्तावित सड़क और नाली निर्माण में छात्रावास की जमीन प्रभावित होने के विरोध के बाद प्रशासन ने सीमांकन शुरू करा दिया है। राजस्व विभाग और नगर निगम की 12 सदस्यीय संयुक्त टीम ने साइंस कॉलेज मैदान में हेलीपैड के पास से जमीन की नापजोख शुरू की। टीम ने प्रस्तावित सड़क की चौड़ाई के अनुसार बिंदु निर्धारित करते हुए साइंस कॉलेज से सीपत रोड तक सीमांकन किया। शुक्रवार को दूसरे चरण में चांटीडीह सब्जी मार्केट तक नापजोख की जाएगी।
दरअसल, नगर निगम इस मार्ग पर सड़क और नाली का निर्माण करा रहा है। योजना के मुताबिक साइंस कॉलेज के सामने 80 फीट चौड़ा मुहाना रखते हुए रोटरी बनाई जानी है। इसके आगे चांटीडीह सब्जी मार्केट की ओर सड़क की चौड़ाई 60 फीट प्रस्तावित है। इसी निर्माण की जद में छात्रावास की करीब आधी जमीन आने की आशंका जताई जा रही है। इसे लेकर विरोध शुरू हो गया था। विवाद बढ़ने के बाद एडीएम के आदेश पर सीमांकन कराया जा रहा है, ताकि राजस्व रिकॉर्ड और मौके की वास्तविक स्थिति के आधार पर तय हो सके कि निर्माण से किसकी कितनी जमीन प्रभावित होगी।
हेलीपैड के पास से शुरू हुई नापजोख
संयुक्त टीम ने साइंस कॉलेज मैदान में हेलीपैड के पास प्रारंभिक बिंदु निर्धारित कर सीमांकन शुरू किया। इसके बाद प्रस्तावित सड़क की दिशा में साइंस कॉलेज से सीपत रोड तक नापजोख की गई। शुक्रवार को टीम चांटीडीह सब्जी मार्केट तक सीमांकन करेगी। इस प्रक्रिया में शासकीय और निजी भूमि की वास्तविक स्थिति के साथ सड़क की प्रस्तावित चौड़ाई के दायरे में आने वाली जमीन का भी निर्धारण किया जाएगा।
25 भू-स्वामियों को जारी किए गए नोटिस
सीमांकन की प्रक्रिया में राजस्व विभाग ने 25 भू-स्वामियों और संबंधित संस्थाओं को नोटिस जारी किया है। राजस्व निरीक्षक सरकंडा की ओर से जारी सूचना के अनुसार ग्राम चांटीडीह की शासकीय भूमि खसरा नंबर 561/4 और उससे लगी निजी भूमि खसरा नंबर 560, 559 सहित अन्य संलग्न जमीनों का सीमांकन किया जा रहा है। संबंधित भू-स्वामियों को जमीन से जुड़े दस्तावेजों के साथ मौके पर उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं।




