खाद्य प्रतिष्ठानों पर छापेमारी, पांच खाद्य पदार्थों के सैंपल जब्त

सात संस्थानों की जांच में मिलीं खामियां,साफ-सफाई से लेकर कर्मचारियों के मेडिकल प्रमाण पत्र तक नहीं मिले
दो फर्मों को नोटिस की तैयारी
बिलासपुर। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और प्रतिष्ठानों में स्वच्छता की स्थिति जांचने के लिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने शहर के सात प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान पांच खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजने की तैयारी की गई। जांच में कई प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई की कमी के साथ जरूरी दस्तावेज भी नहीं मिले।
सुरक्षित आहार हमर अधिकार’ अभियान के तहत उपसंचालक डॉ. शुभा गढ़ेवाल के मार्गदर्शन में चार प्रतिष्ठानों की जांच की गई। इस दौरान आरआर रेस्टोरेंट से वेज बिरयानी का नमूना लिया गया। वहीं तीन प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। द मेड बेकर्स से मसाला खारी और बर्गर बन तथा द बर्गर किंग्स से फ्रेंच फ्राइज और वेज बर्गर के नमूने लिए गए।
निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठानों में पेस्ट कंट्रोल सर्टिफिकेट, कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाण पत्र और पानी की गुणवत्ता जांच रिपोर्ट उपलब्ध नहीं मिली। इसके अलावा साफ-सफाई में भी कमियां पाई गईं। खाद्य विभाग अब दो फर्मों को सुधार नोटिस जारी करने की तैयारी कर रहा है। जब्त नमूनों की प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




