
संविधान दिवस की आड़ में राजनैतिक प्रचार! सीएमडी कॉलेज में बाबा साहब की अपमान पर भड़के छात्र

न संविधान की तस्वीर, न संविधान निर्माता को सम्मान; प्रधानमंत्री मोदी के पोस्टरों से सजा परिसर, आजाद पैनल ने उठाए सवाल।
बिलासपुर। सीएमडी महाविद्यालय में 26 नवंबर को आयोजित संविधान दिवस कार्यक्रम विवादों में घिर गया। छात्रों का आरोप है कि कार्यक्रम स्थल पर न संविधान का प्रतीक दिखाई दिया और न ही संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर का चित्र, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पोस्टर प्रमुखता से लगाए गए। वक्ताओं के संबोधन में भी संविधान के मूल्यों के बजाय ‘माय भारत युवा संवाद’ के माध्यम से केंद्र सरकार की विचारधारा के प्रचार का आरोप लगा।
इस पर छात्रों ने बीच कार्यक्रम में विरोध दर्ज कराया। आजाद पैनल के छात्र नेता हरीश कलसा ने कॉलेज प्रशासन से जवाब मांगा। पोस्टर-बैनर को अपना मानने से इनकार करते हुए जिम्मेदारों ने कथित तौर पर ‘हमारी मर्जी’ कहकर अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लिया। इस रवैये ने कॉलेज प्रशासन की कार्यप्रणाली के साथ-साथ प्राचार्य की विचारधारा और निष्पक्षता पर भी सवाल खड़े कर दिए। छात्रों का कहना है कि शैक्षणिक संस्थान में किसी विशेष राजनीतिक या वैचारिक विचारधारा को प्राथमिकता देना चिंताजनक है।
हरीश कलसा ने कहा कि संविधान दिवस के नाम पर राजनीतिक प्रचार करना और बाबा साहब अंबेडकर को सम्मानजनक स्थान नहीं देना अस्वीकार्य है। आजाद पैनल ने प्रशासन से सार्वजनिक स्पष्टीकरण और सामूहिक माफी की मांग करते हुए चेतावनी दी कि उचित कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन किया जाएगा।




