
95 साल के बाद जाति का आंकड़ा जुटेगा, परिवार की पूरी डिजिटल कुंडली भी बनेगी,आधार, पासपोर्ट, बैंक खाते, डिजिटल साक्षरता व कोविड टीकाकरण तक पूछे जाएंगे

बिलासपुर। देश की जनगणना इस बार सिर्फ घरों और परिवारों की गिनती तक सीमित नहीं रहेगी। नागरिक किस जाति से है, कितना पढ़ा-लिखा है, डिजिटल तकनीक का इस्तेमाल करता है या नहीं, उसके पास बैंक खाता और आधार है या नहीं, वह कहां काम करता है और कितनी दूर जाता है। ऐसे कई सवालों के जवाब भी जुटाए जाएंगे। करीब 95 साल बाद देश में जाति संबंधी आंकड़े जुटाने की तैयारी है। जनगणना 2027 के दूसरे चरण में परिवारों से 40 बिंदुओं पर जानकारी ली जाएगी। इसके लिए बिलासपुर जिले में 72 फील्ड ट्रेनर्स नियुक्त किए गए हैं। इनके प्रशिक्षण की शुरुआत दिसंबर से होगी।
परिवार के हर सदस्य की शिक्षा, रोजगार से लेकर दस्तावेजों तक जानकारी
जनगणना के प्रपत्र में परिवार के मुखिया से लेकर प्रत्येक सदस्य की व्यक्तिगत जानकारी दर्ज होगी। नाम, उम्र, लिंग, वैवाहिक स्थिति, धर्म, जाति, माता-पिता का जन्म स्थान, दिव्यांगता और मातृभाषा जैसे सवाल होंगे। शिक्षा में केवल साक्षरता ही नहीं, डिजिटल साक्षरता और उच्चतम शैक्षणिक स्तर भी दर्ज किया जाएगा। रोजगार, काम की प्रकृति, काम की तलाश, कार्यस्थल की दूरी और आने-जाने के साधन की जानकारी भी ली जाएगी।
दिसंबर में ट्रेनर्स, जनवरी में स्वगणना व फरवरी तक घर-घर सर्व
जनगणना के काम को चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा। जिले में नियुक्त 72 फील्ड ट्रेनर्स को दो बैच में प्रशिक्षण दिया जाएगा। पहला बैच 2 से 4 दिसंबर और दूसरा 7 से 9 दिसंबर तक जिला पंचायत सभागार में प्रशिक्षित होगा। प्रशिक्षण सुबह 10 से शाम 5.30 बजे तक चलेगा। इसके बाद प्रगणकों और सुपरवाइजरों को 25 दिसंबर से 10 जनवरी तक प्रशिक्षण देने की तैयारी है। 1 से 10 जनवरी तक नागरिकों को स्वगणना का अवसर मिलेगा। इसके बाद 25 जनवरी से 28 फरवरी तक
घर-घर पहुंचकर जनगणना की जाएगी।
कोविड टीकाकरण की भी देनी होगी जानकारी
कोविड टीकाकरण, बैंक खाते, मोबाइल नंबर, आधार, वोटर आईडी, पासपोर्ट और ड्राइविंग लाइसेंस की उपलब्धता भी प्रपत्र में शामिल है। प्रवास से जुड़े सवालों में जन्म स्थान, पूर्व निवास, शहर में रहने की अवधि और स्थान बदलने का कारण पूछा जाएगा। महिलाओं से बच्चों की संख्या और पिछले एक साल में जन्मे बच्चों की जानकारी ली जाएगी। इन जानकारियों के आधार पर भविष्य की सरकारी योजनाओं, सुविधाओं और विकास की जरूरतों का आंकलन जाएगा।
वर्जन
जनगणना 2027 के दूसरे चरण की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। जिले में 72 फील्ड ट्रेनर्स नियुक्त किए गए हैं, जिन्हें चरणबद्ध प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके बाद प्रगणकों और सुपरवाइजरों को प्रशिक्षित कर निर्धारित समय में घर-घर सर्वे कराया जाएगा। नागरिकों को स्वगणना का अवसर भी मिलेगा, ताकि प्रक्रिया में उनकी भागीदारी सुनिश्चित हो सके।
झील जायसवाल, सहायक जनगणना अधिकारी




