
तीसरी नजर से होगी शहर की निगरानी, 70 वार्डों में लगेंगे 2 हजार सीसीटीवी कैमरे,त्रिनेत्र योजना चार चरणों में होगी पूरी, पहले चरण में 5 करोड़ की लागत से लगेंगे 500 कैमरे

जनसहयोग से जुटाए गए 5 करोड़
बिलासपुर। शहर की सुरक्षा व्यवस्था को तकनीक से मजबूत करने के लिए शुरू की जा रही त्रिनेत्र योजना के तहत अब बिलासपुर के सभी 70 वार्ड सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में होंगे। नगर निगम क्षेत्र में करीब 15 करोड़ रुपए की लागत से 2 हजार अत्याधुनिक कैमरे लगाए जाएंगे। योजना को चार चरणों में पूरा किया जाएगा। पहले चरण में 5 करोड़ रुपए खर्च कर 500 कैमरे लगाए जाएंगे। इसके बाद शेष तीन चरणों में पूरे शहर को कैमरों के नेटवर्क से जोड़ा जाएगा।
12 से बढ़कर 15 करोड़ हुई लागत
योजना की शुरुआती लागत 12 करोड़ रुपए निर्धारित की गई थी, लेकिन इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और तकनीकी सामग्रियों की कीमतों में वृद्धि के कारण बजट बढ़कर 15 करोड़ रुपए हो गया है। योजना के लिए जनसहयोग से अब तक 5 करोड़ रुपए जुटाए जा चुके हैं। शेष 10 करोड़ रुपए की व्यवस्था की जा रही है। योजना के नोडल अधिकारी सौरभ सक्सेना के अनुसार, इसके क्रियान्वयन और प्रगति की समीक्षा के लिए प्रत्येक मंगलवार को बैठक आयोजित की जा रही है।
कंट्रोल रूम से जुड़े होंगे सभी कैमरे
योजना की खासियत यह होगी कि शहर के अलग-अलग इलाकों में लगाए जाने वाले सभी कैमरों को एकीकृत कंट्रोल रूम से जोड़ा जाएगा। इससे पुलिस को किसी भी क्षेत्र की निगरानी और घटनाओं से संबंधित फुटेज एक ही स्थान पर उपलब्ध हो सकेंगे। चोरी, लूट, मारपीट और वाहन चोरी जैसी घटनाओं के बाद संदिग्धों की पहचान करने के साथ उनके आने-जाने के रास्तों का पता लगाने में भी मदद मिलेगी।
जनसहयोग से तैयार हो रहा सुरक्षा का नेटवर्क
त्रिनेत्र योजना की प्रारंभिक रूपरेखा कलेक्टर संजय अग्रवाल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह की पहल पर तैयार की गई है। इसके लिए शहर के व्यापारियों, समाजसेवियों, प्रबुद्धजनों, पत्रकारों और अधिवक्ताओं से सहयोग लिया जा रहा है। खास बात यह है कि योजना को किसी शासकीय मद पर निर्भर रहने के बजाय जनसहयोग से पूरा करने की पहल की गई है। इसका उद्देश्य अपराध नियंत्रण के साथ शहर की यातायात व्यवस्था को भी बेहतर बनाना है।
बिना अनुमति नहीं देख सकेंगे सीसीटीवी फुटेज
योजना में कैमरों से मिलने वाले फुटेज के इस्तेमाल को लेकर भी नियम निर्धारित किए गए हैं। आम लोगों को फुटेज तभी उपलब्ध कराए जाएंगे, जब संबंधित मामले में एफआईआर दर्ज हो या संबंधित थाने से अनुमति मिले। फुटेज उपलब्ध कराने की पूरी प्रक्रिया का रिकॉर्ड कंट्रोल रजिस्टर में रखा जाएगा। इसमें तारीख, समय, मोबाइल नंबर सहित आवश्यक जानकारियां दर्ज होंगी। इससे फुटेज के उपयोग और वितरण पर निगरानी रखी जा सकेगी।
छत्तीसगढ़ में इस तरह का व्यापक सीसीटीवी निगरानी नेटवर्क तैयार करने वाला बिलासपुर दूसरा शहर होगा। इससे पहले दुर्ग में इस तरह की व्यवस्था शुरू की जा चुकी है।
वर्जन
पूरे वार्डो में सीसीटीवी लगेगा तो शहर की सुरक्षा भी
होगी और अपराधियों पर नकेल कसा जा सकता है।
संजय अग्रवाल
कलेक्टर बिलासपुर
वर्जन
पूरा शहर सीसीटीवी से लैस है वार्डो में भी होगा तो और हाई टेक बिलासपुर होगा। इससे अपराधियों के हौसले भी टूटेंगे।और अपराध करने के पहले पकड़ने के डर से सोचेंगें
रजनेश सिंह
एसएसपी बिलासपुर




