अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर कृषि महाविद्यालय बिलासपुर में विविध गतिविधियाँ

‘स्वस्थ जीवन और दीर्घायु के लिए योग’ थीम के साथ मनाया गया योग दिवस
बिलासपुर, 21 जून 2026। बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, बिलासपुर में 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस उत्साह, अनुशासन एवं संकल्प के साथ मनाया गया। इस वर्ष योग दिवस की थीम “स्वस्थ जीवन और दीर्घायु के लिए योग” (Yoga for Healthy Ageing) रही, जिसे कार्यक्रम की समस्त गतिविधियों में प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया।

राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं, प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय के प्रभारी अधिष्ठाता डॉ. आर.के.एस. तोमर ने कहा कि योग केवल शारीरिक क्रियाओं का समूह नहीं, बल्कि व्यक्ति, समाज और प्रकृति को जोड़ने वाली जीवनशैली है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ व्यक्ति ही स्वस्थ समाज और स्वस्थ पृथ्वी का निर्माण कर सकता है। बदलती जीवनशैली, मानसिक तनाव और स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों के इस दौर में योग, प्राणायाम और ध्यान जैसी विधाएँ शारीरिक एवं मानसिक संतुलन स्थापित करने में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

मुख्य योग सत्र का संचालन पतंजलि योगपीठ के अनुभवी प्रशिक्षकों डॉ. के.के. श्रीवास्तव, उत्तम अग्रवाल, उत्तम उपाध्याय, डॉ. धनंजय यादव एवं श्रीमती पार्वती गुप्ता द्वारा किया गया। प्रशिक्षकों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों का अभ्यास कराते हुए नियमित योग के स्वास्थ्य लाभों की जानकारी दी।

योग दिवस की थीम के अनुरूप विद्यार्थियों के बीच lप्राकृतिक जीवनशैली, स्वास्थ्य जागरूकता, तनाव प्रबंधन तथा पर्यावरणीय संतुलन जैसे विषयों पर भी चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि योग की सार्वभौमिक भाषा आज की वैश्विक स्वास्थ्य चुनौतियों के समाधान का प्रभावी माध्यम बन सकती है।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर डॉ. के.के. श्रीवास्तव ने सभी उपस्थित जनों को नियमित योगाभ्यास करने एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की एवं नशा मुक्त भारत अभियान की शपथ दिलाई।
विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से पोस्टर निर्माण, रंगोली एवं योग प्रदर्शन प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। प्रतिभागियों ने अपनी कलात्मक अभिव्यक्तियों के माध्यम से योग के महत्व एवं उसकी सामाजिक उपयोगिता को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में टी.डी. पांडे, एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी अजीत विलियम्स, एनसीसी प्रभारी विनोद कुमार निर्मलकर, यशपाल सिंह निराला, धजाराम कश्यप, पवन कुमार कौशिक, गोरेलाल थवाईत सहित महाविद्यालय के समस्त छात्र-छात्राओं का उल्लेखनीय योगदान रहा।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का यह आयोजन केवल योगाभ्यास तक सीमित न रहकर स्वास्थ्य, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं वैश्विक कल्याण का संदेश देने वाला एक प्रेरणादायी अभियान सिद्ध हुआ, जिसने “स्वस्थ जीवन और दीर्घायु के लिए योग” की अवधारणा को सार्थक रूप में अभिव्यक्त किया।