रतनपुर में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर हुआ भव्य आयोजन, स्वस्थ जीवन का दिया संदेश

बिलासपुर।….रतनपुर में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर विभिन्न स्थानों पर योग शिविरों का आयोजन किया गया। गज किला परिसर और मां महामाया देवी खेल परिसर में आयोजित कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, विद्यार्थियों, कर्मचारियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। योग प्रशिक्षकों ने लोगों को योग और प्राणायाम का अभ्यास कराते हुए स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।21 जून को आयोजित अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रतनपुर में बड़े उत्साह और उमंग के साथ योग कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस वर्ष की थीम “योगा फॉर हेल्दी एजिंग” के अनुरूप आयोजित योग सत्र में नगर पालिका अध्यक्ष, पार्षद, नगर पालिका कर्मचारी, शासकीय कन्या विद्यालय की छात्राएं तथा बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए।गज किला परिसर में आयोजित योग सत्र का संचालन शिक्षक शुकदेव पाण्डेय द्वारा किया गया। इस दौरान प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, स्ट्रेचिंग अभ्यास और प्राणायाम का प्रशिक्षण दिया गया। योग के शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक लाभों की जानकारी देते हुए नियमित योगाभ्यास के लिए प्रेरित किया गया।वहीं भारतीय जनता पार्टी मंडल रतनपुर द्वारा मां महामाया देवी खेल परिसर में विशेष योग शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष तिरिथ यादव, मंडल अध्यक्ष दुर्गा बबलू कश्यप, महामंत्री ज्वाला कौशिक,प्रशांत यादव सहित अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।योग शिक्षक संतोष यादव ने प्रतिभागियों को योगाभ्यास कराया। पूरे कार्यक्रम के दौरान लोगों ने उत्साह और समर्पण के साथ योग किया। वक्ताओं ने कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य का माध्यम नहीं, बल्कि मानसिक शांति और आत्मिक संतुलन का भी आधार है।अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को दैनिक जीवन में योग को अपनाने और स्वस्थ, सुखी एवं संतुलित जीवन जीने का संदेश दिया गया।