Blog

अकेला पाकर युवकपर बरसाया चाकू, पेट और सीने में किए कई वार…पूर्व रंजिश में जान लेने की कोशिश का सनसनीखेज आरोप

बिलासपुर ।सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम मुड़पार में दुकान के पास बैठे एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोपी ने युवक को अकेला पाकर उस पर चाकू से लगातार वार किए। हमले में युवक के पेट, सीने और बाएं हाथ की कोहनी के पास गंभीर चोटें आई हैं। घायल को उपचार के लिए सिम्स अस्पताल बिलासपुर में भर्ती कराया गया है। मामले में पुलिस ने आरोपी रमाशंकर सिदार के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार ग्राम मुड़पार भाठापारा निवासी समीर कुर्मी ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उसने बताया कि वह ग्राम पंधी की बोरी फैक्ट्री में काम करता है। 1 सितंबर की रात करीब 8 बजे वह अपने चचेरे भाई रितिक उर्फ करन कश्यप, कृष्णा और भोलू के साथ जमुना सतनामी की दुकान के पास बैठकर मोबाइल चला रहा था। करीब 8:30 बजे रितिक दुकान के सामने खाली जगह पर पेशाब करने के लिए गया था।


इसी दौरान रितिक ने समीर को आवाज देकर बुलाया। समीर वहां पहुंचा तो कथित तौर पर रमाशंकर सिदार रितिक पर चाकू से लगातार हमला कर रहा था। समीर को अपनी ओर आते देखकर आरोपी मौके से भाग निकला। चाकू के वार से रितिक के पेट, सीने और बाएं हाथ की कोहनी के पास चोटें आईं और खून बहने लगा। घायल रितिक किसी तरह अपने घर पहुंचा। इसके बाद उसके चाचा रामायण कश्यप ने हालत देखकर उसे ऑटो से सिम्स अस्पताल बिलासपुर पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है। रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि आरोपी ने पूर्व रंजिश के चलते रितिक की हत्या करने की नीयत से चाकू से हमला किया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी की तलाश की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *