चाकू और गुफ्ती लहराकर लोगों को डराने वाले 2 गिरफ्तार

बिलासपुर में
बदमाशों पर सरकंडा पुलिस का शिकंजा
बिलासपुर । बदमाशों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। सरकंडा थाना क्षेत्र में अलग-अलग सार्वजनिक जगहों पर धारदार हथियार लेकर लोगों को डराने-धमकाने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से धारदार चाकू और गुफ्ती बरामद की गई है।

दरअसल, 3 सितंबर को टाउन भ्रमण के दौरान सरकंडा पुलिस को सूचना मिली कि अशोक नगर तालाब के पास और डबरीपारा रोड स्थित देवांगन सामुदायिक भवन के पास दो युवक हाथ में धारदार हथियार लेकर आम लोगों को डरा-धमका रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने दोनों स्थानों पर घेराबंदी की और आरोपी अफजल खान और दीपक श्रीवास उर्फ मान्या को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान दोनों के कब्जे से धारदार चाकू और गुफ्ती बरामद की गई।
पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी हथियार रखने और उनके संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। सार्वजनिक स्थान पर हथियार लहराकर लोगों को डराने-धमकाने के मामले में दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए गए हैं।
दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अपराध और बदमाशों पर अंकुश लगाने के लिए कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।