Blog

अब सिलेण्डर नहीं, पाइप से जलेगा चूल्हा, सुविधा शुरू,पीएनजी गैस कनेक्शन रजिस्ट्रेशन शुरू, एलपीजी संकट के बीच लोगों को बड़ी राहत

मात्र 1300 रुपए में गैस कनेक्शन, दो माह में घर-घर पहुंचेगी

दो माह के भीतर घरों में गैस सप्लाई शुरू

बिलासपुर।बिलासपुर शहर अब आधुनिक शहरी सुविधाओं की दिशा में एक और बड़ा कदम बढ़ाने जा रहा है। जल्द ही शहर के घरों में सिलेंडर की जगह पाइप्ड नेचुरल गैस मतलब पीएनजी से खाना बनेगा। अडानी टोटल गैस लिमिटेड ने बिलासपुर में घरेलू पीएनजी कनेक्शन के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू कर दी है। पहले चरण में राजकिशोर नगर, मोपका, सरकंडा और गीतांजलि सिटी फेस-1 एवं फेस-2 क्षेत्रों में कनेक्शन दिए जाएंगे। रजिस्ट्रेशन के लगभग दो माह के भीतर घरों में गैस सप्लाई शुरू कर दी जाएगी। कंपनी द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार घरेलू पीएनजी कनेक्शन की कुल लागत लगभग 6000 रुपए तय की गई है, जिसमें मीटर, पाइपलाइन, फिटिंग और अन्य जरूरी उपकरण शामिल हैं।
हालांकि उपभोक्ताओं पर एकमुश्त आर्थिक बोझ कम करने के लिए ईएमआई योजना लागू की गई है। रजिस्ट्रेशन के समय केवल 13 सौ लगेंगे। उतने में उन्हे कनेक्शन दे दिया जायेगा।इसके बाद कनेक्शन चालू कर दिया जायेगा।

पाइपलाइन वाली रसोई राजकिशोर नगर, मोपका, सरकंडा और गीतांजलि सिटी में पहले चरण की शुरुआत

सूत्र बता रहे है कि इसकी शुरुवात पहले सरकंडा क्षेत्र के कुछ जगहों पर किया जायेगा।उसके बाद धीरे धीरे करके सिटी के अंदर आयेगा।दावा किया जा रहा है कि
इस पाइप लाइन से गैस की खपत भी कम होगी और आमजनों को इसका पूरा लाभ भी मिलेगा।यही कारण है कि काम तो पूरे शहर में किया जा रहा है लेकिन शुरुआत कुछ जगहों पर होगी।

सुरक्षा में एलपीजी से बेहतर विकल्प

बता दे पीएनजी, एलपीजी की तुलना में ज्यादा सुरक्षित मानी जाती है। नेचुरल गैस हवा से हल्की होती है। यदि कहीं लीकेज होता भी है तो गैस हवा में फैल जाती है, जिससे आग या विस्फोट की आशंका बेहद कम हो जाती है। पीएनजी को स्वच्छ ईंधन माना जाता है। इससे धुआं और प्रदूषण कम होता है।

एलपीजी संकट के बीच राहत की पाइपलाइन

शहर में इन दिनों एलपीजी सिलेंडर की कमी, सप्लाई बाधित होने और कमर्शियल सिलेंडर के बढ़ते दामों से आम लोग परेशान हैं। होटल, ढाबा और रेस्टोरेंट संचालकों को भी गैस के लिए भारी मशक्कत करनी पड़ रही है। ऐसे समय में पीएनजी को लोगों के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है।

2 माह में 1300 रुपए तक का बिल

पीएनजी प्रणाली में हर घर में गैस मीटर लगाया जाएगा। शुरुआती अनुमान के अनुसार घरेलू उपभोक्ताओं का दो माह का बिल लगभग 1100 से 1300 रुपए तक आ सकता है, हालांकि यह पूरी तरह से उपयोग पर निर्भर करेगा। भविष्य में इसे स्मार्ट मीटर प्रणाली से भी जोड़ा जाएगा, जिससे मोबाइल रिचार्ज की तरह उपभोक्ता गैस रिचार्ज कर सकेंगे।

ऑनलाइन शुरू हुआ रजिस्ट्रेशन

कंपनी फिलहाल ऑनलाइन माध्यम से रजिस्ट्रेशन ले रही है। उपभोक्ता कंपनी की वेबसाइट के जरिए आवेदन कर सकते हैं। अधिकारियों का कहना है कि ऑनलाइन प्रक्रिया अपनाने से पारदर्शिता बनी रहेगी और उपभोक्ताओं को सुविधा भी मिलेगी। मिली जानकारी के मुताबिक शुरुआती दिनों में ही एक दर्जन से अधिक लोगों ने रजिस्ट्रेशन करा लिया है। आने वाले दिनों में विभिन्न कॉलोनियों, सोसायटियों और रिहायशी क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।

कछार प्लांट से तैयार हुई पूरी सप्लाई चेन

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार कछार क्षेत्र में ट्रांसमिशन गैस प्लांट स्थापित किया जा चुका है और वहां नेचुरल गैस की सप्लाई भी शुरू हो चुकी है। इसी प्लांट से शहर तक पाइपलाइन नेटवर्क बिछाया गया है। कंपनी का दावा है कि बिलासपुर में घरेलू गैस सप्लाई के लिए जरूरी इंफास्ट्रक्चर लगभग तैयार हो चुका है।

पाइप लाइन गैस शुरू होने पर मिलेंगे ये फायदे

सिलेंडर खत्म होने की चिंता नहीं रहेगी

बुकिंग और डिलीवरी का इंतजार खत्म होगा

ब्लैक में महंगी गैस खरीदने की मजबूरी नहीं होगी

24 घंटे लगातार गैस सप्लाई उपलब्ध रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *