अरपा-भैंसाझार बैराज से छोड़ा जा रहा पानी,
अरपा नदी का जलस्तर बढ़ने की आशंका।
प्रशासन अलर्ट मोड पर, नदी किनारे रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजने की तैयारी
बिलासपुर।पिछले दो दिनों से रुक-रुक कर हो रही बारिश के चलते जिले की नदियां और जलाशय लबालब हो गए हैं। शहर से होकर गुजरने वाली अरपा नदी का जलस्तर भी लगातार बढ़ा हुआ है। कोटा के पास स्थित अरपा-भैंसाझार बैराज से पानी छोड़े जाने के बाद नदी में जल प्रवाह और तेज हो गया है। हालांकि बारिश थमने के बाद नदी के बहाव में हल्की कमी आई है, लेकिन बैराज से लगातार पानी छोड़े जाने के कारण जलस्तर फिर बढ़ने की संभावना बनी हुई है।जल संसाधन विभाग के अनुसार अरपा-भैंसाझार परियोजना का पूर्ण जलभराव स्तर 302.00 मीटर है, जबकि वर्तमान जलस्तर 299.20 मीटर दर्ज किया गया है। बैराज से 111.50 घन मीटर प्रति सेकंड की दर से पानी छोड़ा जा रहा है। मौसम विभाग की ओर से आगे भी बारिश की संभावना जताई गई है, जिसे देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।जिला प्रशासन ने बाढ़ नियंत्रण कक्ष को सक्रिय कर दिया है। साथ ही शासकीय और सामुदायिक भवनों को राहत शिविर के रूप में तैयार रखा गया है। नदी किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है और जरूरत पड़ने पर उन्हें सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की व्यवस्था भी की गई है, ताकि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।