Blog

आधा दर्जन हथियारबंद नकाबपोशों ने जैन फार्म हाउस में बोला धावा,डेढ़ लाख नकद समेत सोना-चांदी ले उड़े बदमाश

बिलासपुर । चकरभाठा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम लिमतरी स्थित जैन ऑर्गेनिक फार्म हाउस में देर रात हुई बड़ी चोरी की वारदात ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई घटना के अनुसार 3 से 6 नकाबपोश बदमाश घातक हथियारों से लैस होकर फार्म हाउस में घुसे और लाखों रुपये की संपत्ति लेकर फरार हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी संगीता जैन ने चकरभाठा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनका जैन ऑर्गेनिक फार्म हाउस ग्राम लिमतरी में स्थित है।
पति प्रमोद जैन के निधन के बाद वह शहर स्थित अपने निवास में रहती हैं और दिन में फार्म हाउस की देखरेख के लिए आती-जाती हैं। फार्म हाउस के अंदर बने मकान में परिवार का सामान रखा हुआ था। बताया गया कि 1 जून की रात करीब 1 बजे से 3 बजे के बीच बदमाशों ने फार्म हाउस में प्रवेश किया। आरोपियों ने घर का दरवाजा तोड़कर अंदर घुसने के बाद अलमारी को क्षतिग्रस्त कर दिया और उसमें रखे कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। चोरी गए सामान में सोने की अंगूठी, लगभग दो तोला वजनी सोने की मूर्ति, चांदी की लक्ष्मी-गणेश प्रतिमा, चांदी का लोटा, चांदी के सिक्के तथा करीब डेढ़ लाख रुपये नकद शामिल हैं। बदमाशों ने चोरी के बाद घर के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरों को भी तोड़ दिया ताकि पहचान न हो सके। हालांकि वारदात की कुछ गतिविधियां कैमरों में कैद होने की जानकारी सामने आई है, जिसके आधार पर पुलिस जांच आगे बढ़ा रही है।
घटना स्थल पर बिखरा सामान और टूटे हुए दरवाजे बदमाशों के दुस्साहस की कहानी बयां कर रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि वास्तव में 8 से 10 हथियारबंद नकाबपोशों ने वारदात को अंजाम दिया है तो यह केवल चोरी नहीं बल्कि सुनियोजित आपराधिक घटना है। चकरभाठा पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज, आसपास के संदिग्धों और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। वहीं इस बड़ी वारदात ने ग्रामीण क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

सीसीटीवी फुटेज और आसपास के लोगो से कर पूछताछ जारी

इस घटना को लेकर पुलिस ने आसपास के लोगो से पूछताछ शुरू कर दी है।इसके साथ ही सीसीटीवी फुटेज और अन्य तरीके से आरोपियों की खोजबीन में पुलिस जुटी हुई है।पुलिस का कहना है कि आरोपी पहले से रेकी किए होंगे और उसके बाद घटना को अंजाम दिए होंगे।क्योंकि यह किसी एक दिन की घटना का नतीजा नहीं है।और आरोपी भी शातिर है जो नकाबपोश थे।जिन्होने मौका पाकर घटना को अंजाम दिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *