एक हादसे ने छीन ली रोजी-रोटी
दीवार गिरने से मजदूर जिंदगी भर के लिए अपंग
बिलासपुर। शहर के तारबाहर इलाके में हुए दर्दनाक हादसे ने एक मजदूर की जिंदगी बदल दी। मटियारी निवासी 29 वर्षीय प्रसाद सूर्यवंशी 12 जून 2025 को व्यापार विहार स्थित आर.के. प्लस बिल्डिंग में काम कर रहा था। मकान मालिक प्रांजल गुप्ता की दुकान की दीवार तोड़ते समय अचानक मलबा उसके ऊपर गिर गया, जिससे उसका दाहिना हाथ बुरी तरह दब गया।
गंभीर हालत में उसे रायपुर ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान पैर की नस हाथ में लगाई गई, लेकिन
उसका हाथ पूरी तरह काम करने लायक नहीं बचा। अब वह किसी भी प्रकार की मजदूरी करने में असमर्थ है। जांच में लापरवाही सामने आने पर तारबाहर पुलिस ने मकान मालिक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 125 (बी) और 290 के तहत मामला दर्ज किया है। परिवार का एकमात्र कमाने वाला प्रसाद सूर्यवंशी अब खुद के भरण-पोषण के लिए भी दूसरों पर निर्भर हो गया है।