ऑपरेशन निश्चय: महासमुंद पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 58.57 लाख का गांजा जब्त, 4 तस्कर गिरफ्तार

महासमुंद। एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और थाना महासमुंद पुलिस को नशे के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने पीछा कर दो कारों को पकड़ा, जिसमें से 117.15 किलो गांजा सहित कुल 71.96 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
मुखबिर से सूचना मिली थी कि कार क्रमांक 23 BH 9438 G में अवैध गांजा की तस्करी की जा रही है और कार क्रमांक RJ 20 CF 5060 उसकी पायलटिंग करते हुए उड़ीसा से महासमुंद होते हुए रायपुर की ओर जा रही है।
सूचना पर पुलिस टीम ने ग्राम घोड़ारी के पास NH-53 और 353 पर नाकाबंदी की। घोड़ारी सहायता केंद्र के पास दोनों कारें आती दिखीं, जो पुलिस चेकिंग देखकर वापस भागने लगीं। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए पीछा किया और ग्राम मुढेना के पास गिरवर साहू फर्शी उद्योग के सामने दोनों वाहनों को पकड़ लिया।
कार क्रमांक 23 BH 9438 G की तलाशी में ट्रॉली बैग और प्लास्टिक बोरियों में कुल 117.15 किलो गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत 58,57,500 रुपये आंकी गई है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे गांजा उड़ीसा से लेकर भिलाई जा रहे थे।
मामले में थाना महासमुंद में अपराध क्रमांक 567/2026 धारा 20(B) NDPS एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी:
- लोकेश मीणा (32) पिता मोती राम मीणा, निवासी करौली राजस्थान, हाल रिसाली भिलाई
- अभिषेक गोचर (27) पिता शिव प्रकाश गोचर, निवासी कोटा राजस्थान
- राकेश मीणा (30) पिता चौथामल मीणा, निवासी कोटा राजस्थान
- शिवम मीणा (17 वर्ष 10 माह) पिता किशन लाल मीणा, निवासी कोटा राजस्थान
जब्त संपत्ति: 117.15 किलो गांजा, तस्करी में प्रयुक्त 2 कार, 4 मोबाइल, सोने जैसे आभूषण – कुल कीमत 71,96,500 रुपये।