कोर्ट पेशी पर आई महिला से स्टेशन के पास मारपीट
पति सहित दो पर मामला दर्ज
बीच-बचाव करने पहुंचे पिता को भी धमकाया
बिलासपुर।पारिवारिक विवाद में चल रहे विवाह विच्छेद प्रकरण की पेशी पर बिलासपुर आई एक महिला से उसके पति और उसके साथी द्वारा मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। महिला का आरोप है कि उसलापुर रेलवे स्टेशन के बाहर उसे कोर्ट में पेशी पर नहीं आने और प्रकरण वापस लेने का दबाव बनाया गया। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई, बाल पकड़कर सड़क पर घसीटा गया और जान से मारने की धमकी दी गई।
सिविल लाइन पुलिस के अनुसार, रीवा (मध्यप्रदेश)
निवासी 30 वर्षीय महिला की शादी 22 जून 2023 को सरकंडा निवासी निखिल सोहगौरा से हुई थी।
पारिवारिक विवाद के चलते दोनों 9 फरवरी 2024 से अलग रह रहे हैं और उनका विवाह विच्छेद का मामला बिलासपुर परिवार न्यायालय में लंबित है। महिला ने शिकायत में बताया कि 20 जुलाई को वह अपने पिता के साथ पेशी में शामिल होने बिलासपुर आई थी। सुबह करीब 10 बजे उसलापुर रेलवे स्टेशन के बाहर ऑटो का इंतजार करते समय उसका पति अपने एक साथी के साथ पहुंचा और कथित तौर पर केस वापस लेने का दबाव बनाने लगा। इंकार करने पर दोनों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की।
बीच-बचाव करने पहुंचे महिला के पिता से भी अभद्रता की गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।