Blog

गीतों और कविताओं से दूर होगा गणित का डर, डीईओ ने किया “गुनगुनाता गणित” पुस्तक का विमोचन

प्राथमिक स्तर के विद्यार्थियों के लिए गणित विषय को सरल, रोचक एवं आनंददायक बनाने की दिशा में एक अभिनव पहल करते हुए विकासखंड बिल्हा के सहायक शिक्षक प्रवीण कुमार काछी ने “गुनगुनाता गणित” नामक पुस्तक का लेखन किया है। इस पुस्तक का विमोचन मंगलवार को जिला शिक्षा अधिकारी विजय कुमार टांडे के करकमलों से संपन्न हुआ।


राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 की भावना के अनुरूप तैयार की गई यह पुस्तक कक्षा 1 से 5 तक के विद्यार्थियों को ध्यान में रखकर लिखी गई है। पुस्तक की विशेषता यह है कि इसमें गणित के बुनियादी विषयों जैसे गिनती, पहाड़े, समय का ज्ञान, भिन्न तथा अन्य अवधारणाओं को सरल कविताओं, मधुर गीतों और आकर्षक तुकबंदियों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया है। इससे बच्चे खेल-खेल में सीखते हुए गणित के प्रति रुचि विकसित कर सकेंगे।


लेखक प्रवीण कुमार काछी ने बताया कि गणित को अक्सर बच्चों द्वारा कठिन विषय माना जाता है। इसी चुनौती को ध्यान में रखते हुए विषयवस्तु को गीतात्मक एवं बाल-अनुकूल स्वरूप में प्रस्तुत किया गया है, ताकि सीखना सहज, आनंदमय और स्थायी बन सके।
पुस्तक के विमोचन अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी विजय कुमार टांडे ने इस नवाचारपूर्ण प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे रचनात्मक प्रयोग विद्यालयी शिक्षा को अधिक प्रभावी एवं विद्यार्थियों के लिए रुचिकर बनाते हैं। उन्होंने पुस्तक के सफल उपयोग हेतु शुभकामनाएं भी दीं।
इस अवसर पर टीएलएम विशेषज्ञ एवं नवाचारी शिक्षक कलेश्वर साहू, विशाल जायसवाल, आशीष पटेल, दिलीप कश्यप सहित शिक्षा विभाग के अनेक अधिकारी एवं शिक्षक उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *