Blog

घर में सो रही 9 साल की मासूम पर काल बनकर टूटा करैत

डसने से थम गई सांसे,चीख-पुकार के बीच परिवार में पसरा मातम

बिलासपुर ।रतनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत पचरा
के खसरिया पारा में जहरीले करैत सांप के डसने से 9 वर्षीय मासूम बच्ची की मौत हो गई। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है, वहीं परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। रात को हंसते-खेलते सोई बच्ची की सुबह मौत की खबर ने सभी को झकझोर कर रख दिया। मिली जानकारी के अनुसार, शालनी अघरिया 9 वर्ष, पिता लक्ष्मीप्रसाद अघरिया, गांव के प्राथमिक विद्यालय में तीसरी कक्षा की छात्रा थी। सोमवार रात वह अपने परिवार के साथ घर में सो रही थी। इसी दौरान रात करीब 2:30 बजे एक दिन जहरीला करैत सांप घर में घुस आया और सो रही बच्ची के हाथ की उंगली पर डस लिया। कुछ देर बाद परिजनों की नजर सांप पर पड़ी तो अफरा-तफरी मच गई।
बच्ची के हाथ में सांप के काटने का निशान देखकर परिजन उसे तत्काल रतनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बिलासपुर के सिम्स अस्पताल रेफर कर दिया। सिम्स में डॉक्टरों ने बच्ची को बचाने का हरसंभव प्रयास किया, लेकिन मंगलवार सुबह करीब 6:30 बजे उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। अस्पताल परिसर में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। गांव में भी इस घटना के बाद मातम का माहौल है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *