Blog

चाकूबाजों और नशे के कारोबारियों के ठिकानों पर पुलिस की दबिश,50 से ज्यादा संदिग्धों से पूछताछ

बिलासपुर। शहर में बढ़ती चाकूबाजी और नशे के अवैध कारोबार पर शिकंजा कसने बिलासपुर पुलिस ने शुक्रवार को बड़ा अभियान चलाया। पुलिस टीमों ने जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में 50 से ज्यादा आदतन चाकूबाज, नशे के कारोबार से जुड़े लोगों और आदतन अपराधियों के ठिकानों पर एक साथ रेड और चेकिंग की। इस दौरान पुलिस ने संदिग्धों से हथियार लेकर घूमने वालों, नशे का कारोबार करने वालों और क्षेत्र में चल रही संदिग्ध गतिविधियों के बारे में पूछताछ की।

एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश में चलाए गए इस अभियान का उद्देश्य अपराधियों पर निगरानी बढ़ाने के साथ चाकूबाजी और नशे से जुड़े अपराधों पर प्रभावी रोक लगाना था। पुलिस टीमों ने चिन्हित अपराधियों के घरों और संभावित ठिकानों पर पहुंचकर उनकी गतिविधियों की जानकारी ली।


अपराध से दूर रहने की दी सख्त हिदायत
चेकिंग के दौरान पुलिस ने आदतन अपराधियों को स्पष्ट चेतावनी दी कि वे किसी भी आपराधिक या असामाजिक गतिविधि में शामिल न हों। पुलिस ने संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी जुटाने के साथ ऐसे लोगों की निगरानी भी बढ़ा दी है, जिनके अपराध में दोबारा शामिल होने की आशंका है।


पुलिस के मुताबिक अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने और संदिग्ध गतिविधियों में शामिल पाए गए लोगों के खिलाफ वैधानिक प्रावधानों के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई।

हथियार और नशे के कारोबार पर नजर

पुलिस ने चाकूबाजी की घटनाओं को रोकने के लिए ऐसे लोगों की जानकारी जुटाई, जो इलाके में हथियार लेकर घूमते हैं। इसके साथ ही नशे के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों और संदिग्ध गतिविधियों में शामिल व्यक्तियों के बारे में भी पूछताछ की गई।पुलिस का कहना है कि आदतन चाकूबाजों, नशे के कारोबारियों और अन्य अपराधियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। आने वाले दिनों में भी अलग-अलग क्षेत्रों में इसी तरह की अचानक चेकिंग और रेड जारी रहेगी।

आम लोगों से पुलिस की अपील

बिलासपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि उनके क्षेत्र में कोई व्यक्ति हथियार लेकर घूमता है, नशे का अवैध कारोबार करता है या किसी अन्य आपराधिक गतिविधि में शामिल है तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराध और नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *