हल्द्वानी में हुई घृणित घटना के विरोध में अक्रोषित बिलासपुर जिला कांग्रेस ने किया अंबेडकर चौक तक मार्च एवं सत्याग्रह

बिलासपुर।भाजपा की दलित विरोधी नीति देश के सामने उजागर हुई, राइट विंग संगठन द्वारा हाल ही में हल्द्वानी में आयोजित कांग्रेस की रैली स्थल पर गंगाजल से तथाकथित शुद्धिकरण का अनुष्ठान किया गया।
अत्यंत स्तब्धकारी बात यह है कि यह कृत्य इस आधार पर किया गया कि मंच पर कांग्रेस अध्यक्ष माननीय मल्लिकार्जुन खड़गे जी की उपस्थिति से वह स्थल (राइट विंग संगठन अनुसार) अपवित्र हो गया था और इसलिए इसका शुद्धिकरण किया गया।
यह अत्यंत घृणित कृत्य भाजपा द्वारा पोषित की जा रही मूलतः भेदभाव पूर्ण मानसिकता का स्पष्ट प्रतिबिंब है और उनके नेतृत्व द्वारा लगातार आगे बढ़ाई जा रहे प्रतिगामी और विभाजनकारी मार्ग को उजागर करती है।
इस अत्यंत निंदनीय घटना के विरोध में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश अनुसार एवं प्रदेश अध्यक्ष माननीय श्री दीपक बैज जी के मार्गदर्शन में, बिलासपुर जिला अध्यक्ष (शहर) माननीय सिद्धांशु मिश्रा जी एवं बिलासपुर जिला अध्यक्ष (ग्रामीण) माननीय महेंद्र गंगोत्री जी के नेतृत्व में, जिला कांग्रेस कमेटी बिलासपुर द्वारा 14 अगस्त को शाम 04 बजे आक्रोश मार्च एवं सत्याग्रह किया गया।
कांग्रेस जन तिलक नगर स्थित कांग्रेस भवन में एकत्रित होकर पदयात्रा करते हुए कोनहेर गार्डन, देवकीनंदन दीक्षित चौक, फूल बाजार, जेल रोड होते हुए अंबेडकर चौक पहुंचे एवम सत्याग्रह किए।
जिला अध्यक्ष शहर माननीय श्री सिद्धांशु मिश्रा जी ने कहा की सभ्य समाज के इस प्रकार की अस्पृश्यता (भेदभाव) की कोई जगह नही है, यह ना सिर्फ़ श्री खड्गे जी का अपमान है बल्कि देश के सम्पूर्ण अनुसूचित जाति वर्ग का अपमान है। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और बाबा साहेब अंबेडकर ने देश की आज़ादी के साथ ही अस्पृश्यता से मुक्ति की लड़ाई भी लड़ी थी, उसी का परिणाम है कि भारत में अस्पृश्यता अपराध घोषित की गई थी, भारतीय संविधान में हर नागरिक को बराबर का हक दिया गया है।
ग्रामीण अध्यक्ष माननीय श्री महेंद्र गंगोत्री जी ने कहा की यह शर्मनाक और प्रतिगामी कृत्य करोड़ो भारतीयों की गरिमा, समानता, बंधुत्व तथा सामाजिक न्याय एवं मानवीय गरिमा के संवैधानिक मूल्यों पर सीधा प्रहार है, भारत के संविधान से संचालित एवं लोकतांत्रिक समाज में ऐसे भेदभाव पूर्ण प्रथाओं और मानसिकता का कोई स्थान नहीं है।