Blog

चाकू दिखाकर युवकों से लूट करने वाला आरोपी गिरफ्तार..आईफोन और वारदात में इस्तेमाल चाकू बरामद

बिलासपुर। मस्तूरी थाना क्षेत्र में युवकों को चाकू दिखाकर आईफोन लूटने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से लूटा गया एप्पल कंपनी का आईफोन और वारदात में इस्तेमाल धारदार चाकू बरामद किया गया है। घटना में शामिल एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।

पुलिस के अनुसार, 2 सितंबर की शाम करीब 5.40 बजे राजीव कौशिक अपने दोस्त निरंजन कौशिक और राज केंवट के साथ मोटरसाइकिल से गतौरा कोलवाशरी ड्यूटी जा रहे थे। तीनों जब कर्रा रेलवे अंडरब्रिज के नीचे पहुंचे, तभी फरहदा की ओर से स्कूटी पर सवार दो युवकों ने उन्हें रोक लिया। आरोपियों ने स्कूटी की डिक्की से धारदार चाकू निकालकर युवकों को धमकाया और गाली-गलौज करते हुए राज केंवट का आईफोन छीनने लगे।
युवकों ने लूट का विरोध किया तो आरोपियों ने चाकू से हमला कर दिया। मारपीट और चाकू के हमले में राजीव कौशिक, निरंजन कौशिक और राज केंवट के गर्दन व बाएं भुजा में चोटें आईं। इसके बाद आरोपी करीब 40 हजार रुपए कीमत का आईफोन लूटकर मौके से फरार हो गए।घटना की रिपोर्ट के बाद मस्तूरी पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी रजनेश सिंह ने आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। एएसपी ग्रामीण मधुलिका सिंह और एसडीओपी सुदीप सरकार के मार्गदर्शन में मस्तूरी पुलिस और एसीसीयू की टीम ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पतासाजी की।जांच के दौरान पुलिस ने राजकुमार ध्रुव 27, निवासी बुटापारा, थाना तोरवा, बिलासपुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपने साथी शिवम निवासी देवरीडीह, थाना तोरवा के साथ मिलकर लूट की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।
आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल एक धारदार चाकू और लूटा गया एप्पल कंपनी का आईफोन बरामद कर लिया। पुलिस ने आरोपी राजकुमार ध्रुव को 4 सितंबर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। वहीं, मामले का दूसरा आरोपी शिवम अभी फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 309(6) बीएनएस तथा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *