जनसमस्या से जुड़े आवेदनों का त्वरित निराकरण हों,लंबित होने पर जवाबदेही तय कर कार्रवाई की जाएगी- कमिश्नर

जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण और विकास कार्यों की
तैयारियों पर निगम कमिश्नर की समीक्षा
सीएम हेल्पलाइन, जनशिकायत, स्वच्छता, हाईकोर्ट प्रकरण, सुशासन तिहार एवं वृक्षारोपण अभियान की हुई विस्तृत समीक्षा
बिलासपुर- नगर पालिक निगम बिलासपुर के कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने मंगलवार को दृष्टि सभा कक्ष में निगम के समस्त विभाग प्रमुखों, जोन कमिश्नरों, कार्यपालन अभियंताओं एवं स्वच्छता निरीक्षकों की समीक्षा बैठक लेकर विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की विभागवार समीक्षा की। बैठक में जनहित से जुड़े मामलों के समयबद्ध निराकरण, शहर की स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा आगामी वृक्षारोपण अभियान की तैयारियों पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, कलेक्टर टीएल, जनदर्शन, प्रधानमंत्री कार्यालय पीजीएन एवं अन्य जनशिकायतों के लंबित प्रकरणों की विस्तार से समीक्षा करते हुए निगम कमिश्नर ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण एवं समय-सीमा के भीतर निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि नागरिकों की शिकायतों के निराकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा। प्रकरण लंबित होने पर जवाबदेही तय कर संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। निगम कमिश्नर सर्वे ने शहर की सफाई व्यवस्था की समीक्षा करते हुए नियमित कचरा संग्रहण, नालियों की सफाई, सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता एवं मॉनिटरिंग को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नागरिकों को स्वच्छ एवं बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
बैठक में उच्च न्यायालय में लंबित प्रकरणों की भी समीक्षा की गई। संबंधित ओआईसी को निर्देशित किया गया कि न्यायालय में प्रस्तुत किए जाने वाले जवाब समय-सीमा के भीतर तथ्यों एवं आवश्यक दस्तावेजों सहित तैयार कर प्रस्तुत करें, ताकि किसी भी प्रकार की प्रशासनिक कठिनाई उत्पन्न न हो। इसके साथ ही सुशासन तिहार के दौरान प्राप्त आवेदनों के निराकरण की प्रगति की समीक्षा करते हुए निगम कमिश्नर ने निर्देश दिए कि सभी लंबित आवेदनों का शीघ्र एवं संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित किया जाए तथा प्रत्येक प्रकरण की नियमित मॉनिटरिंग की जाए।बैठक में 18 जुलाई को आयोजित होने वाले वृहद वृक्षारोपण अभियान की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। निगम कमिश्नर ने पौधों की उपलब्धता, स्थल चयन, गड्ढों की तैयारी, सिंचाई व्यवस्था एवं अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण केवल पौधे लगाने तक सीमित न रहे, बल्कि उनके संरक्षण और नियमित देखरेख की भी समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
बैठक में निगम के समस्त विभाग प्रमुख, जोन कमिश्नर, कार्यपालन अभियंता, स्वच्छता निरीक्षक एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। निगम कमिश्नर श्री प्रकाश कुमार सर्वे ने सभी अधिकारियों को शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप कार्य करते हुए जनहित से जुड़े प्रत्येक मामले का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।