डबल मर्डर और दुष्कर्म कांड का खुलासा, 65 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़ । जिले के लैलूंगा थाना क्षेत्र के ग्राम छापरपानी में महिला और उसकी 10 माह की मासूम बच्ची की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने 21 दिन की जांच के बाद 65 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। जांच में सामने आया कि आरोपी ने महिला के साथ जबरन दुष्कर्म का प्रयास किया और विरोध करने पर महिला और उसकी मासूम बच्ची की हत्या कर दी।
पुलिस के अनुसार 15 जुलाई की रात आरोपी खेत में बने बोर मकान पहुंचा, जहां महिला अपनी बच्ची के साथ रह रही थी। आरोपी ने महिला के साथ जबरन दुष्कर्म का प्रयास किया। विरोध करने पर उसने ईंट से हमला कर महिला को गंभीर रूप से घायल कर दिया। आरोप है कि इसके बाद उसने महिला के साथ दुष्कर्म किया और रो रही 10 माह की बच्ची की गला दबाकर तथा ईंट से हमला कर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में पुलिस ने गांव में लगातार कैंप लगाकर वैज्ञानिक और मनोवैज्ञानिक तरीके से जांच की। आरोपी के हाथ में चोट के निशान और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्यों के आधार पर पुलिस उसके तक पहुंची। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसकी निशानदेही पर घटना के समय पहनी गई खून से सनी धोती भी बरामद की गई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या और दुष्कर्म की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि यह सफलता वैज्ञानिक जांच, सतत निगरानी और पूरी टीम के समन्वित प्रयास का परिणाम है। साथ ही उन्होंने महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध जघन्य अपराध करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखने की बात कही।