डांस के दौरान युवक पर धारदार हथियार से हमला, कई घायल,
बारात में हुआ खूनी झड़प
बिलासपुर । सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम कुकदा में शादी समारोह के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई जब बारात में डांस कर रहे युवकों पर अचानक हमला कर दिया गया। घटना 25-26 अप्रैल की दरम्यानी रात करीब 1:30 बजे की है, जब बारात में शामिल लोग नाच-गाने में मशगूल थे। प्रार्थी सूरज सूर्यवंशी, निवासी ग्राम सैदा थाना सकरी, जो एपी इंटरप्राइजर्स में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत हैं, उसने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि वे अपने भांजे सुखदेव सूर्यवंशी की शादी में ग्राम कुकदा आए हुए थे। इसी दौरान उनका चचेरा भाई गौतम सूर्यवंशी समेत अन्य लोग डांस कर रहे थे, तभी पीछे से किसी अज्ञात व्यक्ति ने गौतम पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले के बाद जब गौतम ने पीछे मुड़कर देखा तो आरोपी महेंद्र सूर्यवंशी, निवासी ग्राम जोकी थाना सकरी था। इसके बाद आरोपी और उसके साथियों ने गौतम के साथ गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने पहुंचे सूरज सूर्यवंशी को भी आरोपी ने मां-बहन की अश्लील गालियां दीं और जान से मारने की धमकी देते हुए धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे उनके माथे पर गंभीर चोट आई। वहीं गौतम सूर्यवंशी को पीठ और गले में चोटें आई हैं। घटना के दौरान अन्य लोगों ने बीच-बचाव किया। मारपीट के दौरान आरोपी का रेडमी मोबाइल भी मौके पर छूट गया, जबकि प्रार्थी का विवो मोबाइल गिरकर गुम हो गया। सीपत पुलिस ने मामले में महेंद्र सूर्यवंशी एवं अन्य आरोपियों के खिलाफ धारा 115(2), 296, 3(5) और 351(3) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।