Blog

डिमांड हाई,शाॅर्ट है सप्लाई बारीक चावल में जोरदार उबाल

विष्णुभोग 155 से 160 रुपए किलो

बिलासपुर- मांग भरपूर, उपलब्धता कमजोर। और महंगा होगा बारीक चावल। कम से कम आगामी 3 माह तक के लिए बन रही आशंका के बीच बारीक चावल की सभी किस्में किलो पीछे 15 से 20 रुपए महंगी हो गई है।

त्यौहारी सीजन की तैयारी के लिए चावल बाजार को इस बार मांग के अनुपात में चावल कम मिल रहा है। रही- सही कसर निर्यात पूरी कर रही है। असर उस खुले बाजार में पड़ रहा है, जहां बारीक चावल की कीमतों में किलो पीछे रिकॉर्ड 15 से 20 रुपए की वृद्धि हो चुकी है।


तेवर विष्णुभोग के

गैर बासमती चावल के निर्यात में इस समय विष्णुभोग की खरीदी को जैसी प्राथमिकता मिल रही है, उसके बाद चावल में नई कीमत 155 से 160 रुपए किलो पर जा पहुंची है। यह कीमत कम से कम आगामी 3 महीने मजबूत बनी रह सकती है क्योंकि विष्णुभोग धान की आवक बेहद कमजोर है। इस प्रजाति का धान 7500 से 8500 रुपए क्विंटल पर पहुंचा हुआ है।


उबाल सियाराम और एचएमटी में भी

मध्य आय वर्ग के उपभोक्ताओं के बीच हमेशा से मांग में रहता आया है सियाराम और एचएमटी चावल। इन उपभोक्ताओं को अब प्रति किलो की खरीदी पर 10 से 15 रुपए ज्यादा देने होंगे क्योंकि सियाराम चावल में नई कीमत 70 से 75 रुपए बोली जा रही है जबकि 50 से 55 रुपए किलो पर चल रहे एचएमटी चावल की खरीदी, अब 60 से 65 रुपए किलो पर करनी होगी।


आवक कमजोर धान में

बारीक धान की खेती का घटता रकबा और बारिश की स्थितियों के बीच कृषि उपज मंडियों में अब आवक बेहद कमजोर होने लगी है। फलस्वरुप कमजोर आपूर्ति और भरपूर मांग की वजह से धान विष्णुभोग 7500 से 8500 रुपए क्विंटल, सियाराम धान 3200 से 3300 रुपए क्विंटल तथा धान एचएमटी में चावल मिलों की खरीदी 2800 से 2900 रुपए क्विंटल पर निकली हुई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *