ड्राई डे पर अवैध शराब का कारोबार, 4 महिलाएं गिरफ्तार

बिलासपुर । चकरभाठा में ड्राई डे के दौरान अवैध शराब के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस ने वार्ड नंबर 9 में दबिश देकर चार महिलाओं को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से कुल 135 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की गई है। पुलिस ने चार अलग-अलग मामलों में आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत कार्रवाई की है।
चकरभाठा पुलिस के मुताबिक, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर जिले में अवैध नशे के कारोबार और असामाजिक तत्वों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में 4 सितंबर को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि वार्ड नंबर 9 में ड्राई डे के चलते बड़ी मात्रा में कच्ची महुआ शराब का अवैध भंडारण कर बिक्री की जा रही है।

सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए वार्ड नंबर 9 में अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान संगीता वर्मा, दीपा वर्मा, तीतरी वर्मा और मंदाकिनी वर्मा को पकड़ा गया। तलाशी में 9 प्लास्टिक डिब्बों में भरी कुल 135 लीटर हाथ भट्ठी से निर्मित कच्ची महुआ शराब बरामद हुई। पुलिस ने शराब को जब्त कर चारों महिलाओं को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत चार अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए हैं और उन्हें न्यायालय में रिमांड के लिए पेश किया जा रहा है। इसके साथ ही कार्रवाई के दौरान मिले 85 नग महुआ लाहन से भरे डिब्बों को नष्ट किया गया। चकरभाठा पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अवैध शराब या किसी भी गैरकानूनी गतिविधि की जानकारी तत्काल स्थानीय पुलिस या डायल 112 पर दें।