Blog

मामूली विवाद की रंजिश में चौकीदार की हत्या,16 वर्षीय अपचारी बालक हिरासत में

बिलासपुर । तोरवा थाना क्षेत्र में चौकीदार की हत्या के मामले में पुलिस ने चंद घंटों में अंधेकत्ल की गुत्थी सुलझा ली है। मामले में पुलिस ने 16 वर्षीय विधि से संघर्षरत बालक को हिरासत में लिया है। पुलिस के मुताबिक, कुछ दिन पहले हुए मामूली विवाद की रंजिश में अपचारी बालक ने सो रहे चौकीदार के सिर पर वजनदार हथौड़े से कई वार कर उसकी हत्या कर दी।

घटना 3 सितंबर की दरमियानी रात की है। रेलवे क्षेत्र में पटरी किनारे चल रहे ठेकेदारी कार्य की चौकीदारी कर रहे 35 वर्षीय नरेश गुप्ता की सिर पर वजनदार वस्तु से वार कर हत्या कर दी गई थी। घटना की सूचना मिलते ही तोरवा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।

जांच के दौरान पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज में एक व्यक्ति हाथ में हथौड़ा लेकर सो रहे चौकीदार की ओर जाता दिखाई दिया। इसके बाद पुलिस ने अलग-अलग टीमें बनाकर संदेही की तलाश शुरू की। जांच में संदेही की पहचान बापूनगर निवासी 16 वर्षीय अपचारी बालक के रूप में हुई। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। तलाशी के दौरान उसके घर के बाथरूम से मिट्टी से सना कपड़ा और कुछ रक्त के धब्बे भी मिले।

पूछताछ में सामने आया कि कुछ दिन पहले साइकिल चलाते समय सड़क का पानी चौकीदार नरेश गुप्ता के ऊपर छिड़क गया था। इस बात पर चौकीदार ने अपचारी बालक को गाली दी और थप्पड़ मार दिया था। इसी बात की रंजिश में अपचारी बालक ने 3 सितंबर की रात चौकीदार के सोने की जगह पहुंचकर वजनदार हथौड़े से उसके सिर पर 4 से 5 बार वार कर हत्या कर दी। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल लोहे का वजनदार हथौड़ा बरामद कर लिया है। मामले में धारा 103(1) बीएनएस के तहत कार्रवाई करते हुए अपचारी बालक को बाल न्यायालय बिलासपुर में पेश किया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *