Blog

ताले भी सलामत, लॉकर भी सुरक्षित… फिर 13 तोला सोना कैसे हुआ चोरी,,पूजा अपार्टमेंट की रहस्यमयी चौरी से पुलिस भी हैरान

बिलासपुर । तारबहार थाना क्षेत्र स्थित क्रांति नगर के पूजा अपार्टमेंट में एक मकान से करीब 9 लाख रुपये मूल्य के सोने के जेवर चोरी होने का मामला सामने आया है। घटना की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी अभय अग्रवाल, जो शिक्षकीय कार्य करते हैं, पूजा अपार्टमेंट के ए-401 फ्लैट में परिवार सहित रहते हैं। उन्होंने शिकायत में बताया कि 30 जून 2026 की शाम करीब 4 से 5 बजे उन्होंने और उनकी पत्नी शेफाली कलानोरिया ने शयन कक्ष की आलमारी में रखे लॉकर की जांच की थी। उस समय सभी जेवर सुरक्षित थे। इसके बाद 20 जुलाई 2026 की शाम करीब 5 बजे उनकी पत्नी ने आलमारी खोलकर लॉकर देखा तो उसमें रखे सभी सोने के जेवर गायब मिले। आश्चर्यजनक बात यह रही कि आलमारी और लॉकर के ताले पूरी तरह सुरक्षित थे। शिकायतकर्ता के अनुसार लॉकर की चाबी उनकी पत्नी कमरे में ही छिपाकर रखती थीं। चोरी हुए जेवरों में एक सोने का नेकलेस व इयररिंग सेट, एक सोने की चेन, एक जोड़ी सोने की चूड़ी, एक सोने की अंगूठी तथा चार सोने के
पेंडेंट शामिल हैं। इनका कुल वजन लगभग 13 तोला और अनुमानित कीमत करीब 9 लाख रुपये बताई गई है। प्रार्थी का आरोप है कि 30 जून से 20 जुलाई के बीच किसी व्यक्ति ने घर में प्रवेश कर चाबी की सहायता से आलमारी और लॉकर खोलकर जेवर पार कर दिए। घटना की सूचना मिलने के बाद तारबहार पुलिस ने अज्ञात आरोपी के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही चोरी की वारदात से जुड़े सभी पहलुओं की जांच में जुटी हुई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *