Blog

रिटायर्ड रेलवे कर्मचारी से 200 के रिचार्ज ने उड़ाए 77 हजार

बिलासपुर । सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में साइबर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां मात्र 200 रुपए के मोबाइल रिचार्ज की समस्या का फायदा उठाकर साइबर ठग ने एक सेवानिवृत्त रेलवे कर्मचारी के बैंक खाते से 77 हजार उड़ा दिए। पुलिस ने मोबाइल नंबर धारक के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी रबिन्द्रनाथ घोष, निवासी अन्नपूर्णा कॉलोनी, गणेश नगर, वर्ष 2024 में भारतीय रेलवे से सेवानिवृत्त हुए हैं। उन्होंने 19 जुलाई 2026 को गूगल पे के माध्यम से अपने एयरटेल नंबर पर 200 का रिचार्ज कराया था, लेकिन रिचार्ज सफल नहीं हुआ। अगले दिन वे लिंक रोड स्थित एयरटेल स्टोर पहुंचे, जहां उन्हें पुराने प्लान के समाप्त होने के बाद नया प्लान सक्रिय होने की बात कहकर रात 12 बजे तक इंतजार करने की सलाह दी गई।

इसी बीच 20 जुलाई की शाम करीब 4 बजे उन्हें एक कॉल आया। कॉल करने वाले ने स्वयं को एयरटेल कंपनी का कर्मचारी बताते हुए रिचार्ज की समस्या दूर करने का भरोसा दिया। उसने व्हाट्सएप के जरिए एक कस्टमर सपोर्ट एपीके भेजा और उसे इंस्टॉल करने के लिए कहा। एप डाउनलोड करते ही ठग को मोबाइल का रिमोट एक्सेस मिल गया। इसके बाद ठग ने गूगल पे की ट्रांजैक्शन हिस्ट्री खुलवाई। कुछ ही देर में देखते ही देखते खाते से पहले 38 हजार और फिर 39 हजार, कुल 77 हजार की राशि निकाल ली गई। धोखाधड़ी का पता चलते ही रबिन्द्रनाथ घोष ने तत्काल एसबीआई की तितली चौक शाखा पहुंचकर अपना बैंक खाता फ्रीज कराया और एटीएम कार्ड ब्लॉक कराया। साथ ही राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद उन्होंने सिरगिट्टी थाने में लिखित शिकायत दी, जिस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर मोबाइल नंबर के आधार पर आरोपी की तलाश और साइबर जांच शुरू कर दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *