डॉ. अंकिता सिंह को मनोविज्ञान में पीएच.डी. की उपाधि

बिलासपुर। शहर की काउंसलिंग साइकोलॉजिस्ट एवं मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ डॉ. अंकिता सिंह को एमिटी विश्वविद्यालय, छत्तीसगढ़, रायपुर द्वारा मनोविज्ञान विषय में डॉक्टर ऑफ फिलॉसफी की उपाधि प्रदान की गई है। विश्वविद्यालय द्वारा जारी अधिसूचना क्रमांक 30 जून 2026 के अनुसार उन्हें यह उपाधि प्रदान की गई।
डॉ. अंकिता सिंह गौरी शंकर आर्य एवं श्रीमती मालती सिंह की सुपुत्री हैं। उन्होंने अपना शोधकार्य एमिटी इंस्टीट्यूट ऑफ बिहेवियरल एंड एलाइड साइंसेज़, एमिटी विश्वविद्यालय, छत्तीसगढ़, रायपुर में डॉ. महेन्द्र कुमार असिस्टेंट प्रोफेसर, के निर्देशन में सफलतापूर्वक पूर्ण किया। यह शोध छत्तीसगढ़ की प्रारंभिक वयस्क आयु वर्ग की गृहिणियों एवं कार्यरत महिलाओं के मध्य भूमिका संघर्ष, आत्म-प्रभावकारिता तथा पारिवारिक वातावरण के तुलनात्मक अध्ययन पर आधारित है, जो महिला मानसिक स्वास्थ्य एवं मनोवैज्ञानिक कल्याण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान प्रदान करता है।
वर्तमान में डॉ. अंकिता सिंह एक अग्रणी मानसिक स्वास्थ्य संस्था में काउंसलिंग साइकोलॉजिस्ट के रूप में कार्यरत हैं। वे पिछले आठ वर्षों से मानसिक स्वास्थ्य परामर्श, मनोवैज्ञानिक शोध, कर्मचारी कल्याण संकट परामर्श तथा मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता के क्षेत्र में सक्रिय रूप से सेवाएँ प्रदान कर रही हैं। वर्ष 2021 में प्रारंभ हुई उनकी पीएच.डी. शोध यात्रा वर्ष 2026 में सफलतापूर्वक पूर्ण हुई।
डॉ. अंकिता सिंह की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर उनके परिवार, गुरुजनों, सहकर्मियों, मित्रों एवं शुभचिंतकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दी हैं।