तोरवा में दो जगह चाकूबाजी, छात्र और निगमकर्मी के पिता पर हमला, दोनों मामलों में दो नाबालिग समेत 5 आरोपी गिरफ्तार, तीन फरार
बिलासपुर। तोरवा थाना क्षेत्र में बदमाशों ने अलग-अलग स्थानों पर चाकूबाजी की दो वारदातों को अंजाम दिया। लालखदान में पुराने मारपीट के मामले में राजीनामा करने का दबाव बनाने के दौरान 9वीं कक्षा के छात्र पर चाकू से हमला किया गया। वहीं बुधवारी बाजार में सामान खरीदने गए नगर निगम सफाईकर्मी के पिता को तीन युवकों ने घेरकर धारदार हथियार से हमला कर दिया। दोनों घटनाओं में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो नाबालिग समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।
राजीनामा के दबाव में छात्र पर चाकू से हमला
पहली घटना लालखदान महमंद तालाब के पास हुई। गणेश नगर नयापारा निवासी 9वीं कक्षा के छात्र लक्की यादव के अनुसार, उसके दोस्त प्रतीक यादव के साथ एक दिन पहले अरमान और उसके साथियों ने मारपीट की थी। इस मामले में थाने में शिकायत दर्ज होने के बाद आरोपी राजीनामा करने का दबाव बना रहे थे।
इसी सिलसिले में अरमान ने लक्की और उसके दोस्त को बातचीत के लिए बुलाया। आरोप है कि बातचीत के दौरान आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए शराब पीने के लिए पैसे मांगे। पैसे देने से इनकार करने पर आरोपियों ने दोनों के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान अरमान ने धारदार हथियार से लक्की के कंधे और जांघ पर हमला कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए गिरफ्तारी की।
बुधवारी बाजार में निगमकर्मी के पिता की जांघ में घोंपा चाकू
दूसरी घटना रामा चौक स्थित बुधवारी बाजार की है। नगर निगम के सफाईकर्मी राज करिहार के पिता राकेश करिहार दोपहर करीब तीन बजे बाजार में सामान खरीदने गए थे। इसी दौरान राहुल चौहान, सौरभ उर्फ नंगू और नमन यादव ने उनसे विवाद शुरू कर दिया।
आरोप है कि राहुल और सौरभ ने राकेश को पकड़ लिया, जबकि नमन यादव ने पीछे से उनकी दाहिनी जांघ में धारदार हथियार घोंप दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल राकेश के शरीर से काफी खून बह गया और वह मौके पर ही बेहोश हो गए। उन्हें तत्काल जिला अस्पताल ले जाकर भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
दोनों घटनाओं को लेकर तोरवा पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की है। पुलिस के अनुसार दोनों मामलों में अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें दो नाबालिग शामिल हैं, जबकि तीन अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।