नेहरू नगर फ्यूज कॉल सेंटर में सोते कर्मचारियों का वीडियो वायरल,दीनदयाल कॉलोनी में रातभर गुल रही बिजली, 5 घंटे तक शिकायत के बाद भी नहीं पहुंची टीम
बिलासपुर। नेहरू नगर बिजली विभाग के एफओसी (फ्यूज कॉल सेंटर) में कार्यरत कर्मचारियों की कथित लापरवाही का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद बिजली व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। मामला दीनदयाल कॉलोनी का है, जहां रात करीब 1 बजे से सुबह 6 बजे तक बिजली बंद रही। उमस और गर्मी के बीच बिजली गुल रहने से स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि बिजली बंद होने की शिकायत नेहरू नगर फ्यूज कॉल सेंटर में दर्ज कराने के बावजूद कर्मचारियों को मौके पर पहुंचने में चार से पांच घंटे लग जाते हैं। कई बार शिकायत करने के बाद भी कर्मचारी समय पर मौके पर नहीं पहुंचते। लोगों का कहना है कि गर्मी के दिनों में भी कई बार क्षेत्र में 8 से 10 घंटे तक बिजली बंद रही है, लेकिन समस्या के स्थायी समाधान को लेकर गंभीरता नहीं दिखाई गई।
सोते कर्मचारियों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
इसी बीच स्थानीय लोगों ने नेहरू नगर स्थित फ्यूज कॉल सेंटर में कर्मचारियों के सोने का वीडियो बना लिया। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों में आक्रोश है। लोगों का कहना है कि जिस समय उपभोक्ता बिजली बंद होने से परेशान रहते हैं, उस दौरान शिकायतों के तत्काल निराकरण की जिम्मेदारी संभालने वाले कर्मचारियों का इस तरह सोते मिलना गंभीर लापरवाही है।
जांच के निर्देश
मामले को लेकर नेहरू नगर बिजली विभाग के कार्यपालन यंत्री बीबी नेताम ने कहा कि मामले की जांच के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि संबंधित कर्मचारी ठेकेदार के अधीन कार्यरत हैं। पूरे मामले की जांच के लिए एई को निर्देशित किया गया है।
अब जांच के बाद यह स्पष्ट होगा कि वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे कर्मचारी ड्यूटी के दौरान सो रहे थे या नहीं और दीनदयाल कॉलोनी में लंबे समय तक बिजली बंद रहने के पीछे वास्तविक कारण क्या था