बिलासपुर में बढ़ती गुंडागर्दी और नशे पर महंत का हमला

महंत बोले- शांत शहर में अब चाकूबाजी, मारपीट और अपराध बढ़े; नशे की आसान उपलब्धता से युवा गिरफ्त में
कांग्रेस नेता श्याम कश्यप का हाल-चाल जानने उनके निवास पहुंचे थे
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने बिलासपुर में बढ़ती आपराधिक घटनाओं और नशे के कारोबार को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा। बिलासपुर दौरे के दौरान वे कांग्रेस नेता श्याम कश्यप के निवास पहुंचे और हाल ही में हुए जानलेवा हमले की जानकारी ली। उन्होंने श्याम कश्यप के स्वास्थ्य का हाल जाना और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
महंत ने कहा कि प्रदेश में अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है। आम लोगों के बीच सुरक्षा को लेकर चिंता का माहौल है। उन्होंने कहा कि बिलासपुर जैसे शांत शहर में भी अब आए दिन चाकूबाजी, लड़ाई-झगड़े, मारपीट और गुंडागर्दी की घटनाएं सामने आ रही हैं। इसका असर आम लोगों के साथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर भी दिखाई दे रहा है।

नशे को बताया अपराध की बड़ी वजह
नेता प्रतिपक्ष ने प्रदेश में बढ़ते अपराधों के पीछे नशे के कारोबार को प्रमुख कारण बताया। उन्होंने कहा कि सूखा नशा और नशीली दवाइयां आसानी से उपलब्ध हो रही हैं। युवा तेजी से नशे की गिरफ्त में आ रहे हैं और इसका सीधा असर सामाजिक वातावरण पर पड़ रहा है।
उन्होंने दावा किया कि नशे की वजह से हत्या, मारपीट, आपसी विवाद और पारिवारिक हिंसा जैसी घटनाओं में बढ़ोतरी हो रही है। महंत ने आरोप लगाया कि सरकार नशे के कारोबार के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं कर पा रही है।
‘नशे पर लगाम के बिना अपराध रोकना मुश्किल’
महंत ने कहा कि जब तक नशे के कारोबार पर पूरी तरह लगाम नहीं लगाई जाएगी, तब तक अपराधों पर प्रभावी रोक लगाना मुश्किल होगा। उन्होंने राज्य सरकार से कानून व्यवस्था मजबूत करने और नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की।
श्याम कश्यप से मुलाकात के दौरान ये नेता रहे मौजूद
इस दौरान पूर्व विधायक बैजनाथ चंद्राकर, शैलेश पांडे, अर्जुन तिवारी, श्याम कश्यप, शिवा मिश्रा, रामशरण यादव, शिशिर कश्यप, राजेश पांडे, पूर्व महापौर अनिल तिवारी, पिंकी बत्रा, शोभा चहेल, शिल्पी तिवारी, वीरेंद्र शर्मा, राजकुमार कश्यप, शिरीष कश्यप, शरद कश्यप, शैला कश्यप, नंदिनी कश्यप, मनोहर कुर्रे सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।