Blog

न्यू महाराणा आईटीआई में कथित अनियमितताओं पर उठे गंभीर सवाल

एनएसयूआई ने निष्पक्ष जांच और निरीक्षण रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग की

बिलासपुर। न्यू महाराणा आईटीआई, लोधीपारा बिलासपुर के संचालन को लेकर गंभीर शिकायतें सामने आने के बाद एनएसयूआई छत्तीसगढ़ के प्रदेश सचिव रंजेश सिंह ने संयुक्त संचालक, क्षेत्रीय कार्यालय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थाएं, बिलासपुर को शिकायत सौंपकर संस्थान की निष्पक्ष जांच एवं विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
रंजेश सिंह ने शिकायत में आरोप लगाया है कि संस्थान में मान्यता प्राप्त ट्रेड के अलावा अन्य ट्रेडों में भी विद्यार्थियों को प्रवेश देने एवं कक्षाएं संचालित किए जाने की जानकारी सामने आई है। इसके लिए संस्थान द्वारा बोर्ड एवं पाम्पलेट के माध्यम से प्रचार किए जाने की भी बात कही गई है। उन्होंने मांग की है कि संस्थान के सभी ट्रेडों की मान्यता एवं संबद्धता की विभागीय स्तर पर जांच की जाए।


उन्होंने कहा कि संस्थान के बेसमेंट में संचालन, जर्जर भवन, सीपेज, फायर सेफ्टी, आपातकालीन निकासी एवं भवन की संरचनात्मक सुरक्षा जैसे गंभीर विषय विद्यार्थियों की सुरक्षा से सीधे जुड़े हुए हैं। ऐसे में विभाग द्वारा तत्काल स्थल निरीक्षण कर वास्तविक स्थिति स्पष्ट की जानी चाहिए।
शिकायत में प्राचार्य एवं प्रशिक्षण देने वाले शिक्षकों की योग्यता और नियुक्ति की जांच की मांग भी की गई है। साथ ही छात्र प्रतिनिधियों द्वारा संस्थान से संबंधित जानकारी लेने पहुंचने पर कथित रूप से धमकी भरे व्यवहार किए जाने के मामले की भी जांच की मांग की गई है।
रंजेश सिंह ने कहा कि यदि विभाग द्वारा पूर्व में संस्थान का निरीक्षण किया जा चुका है तो उसकी निरीक्षण रिपोर्ट, विभागीय आपत्तियां एवं अनुपालन रिपोर्ट सार्वजनिक की जानी चाहिए, ताकि विद्यार्थियों और अभिभावकों को संस्थान की वास्तविक स्थिति की जानकारी मिल सके।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के भविष्य और सुरक्षा से जुड़े मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए। यदि जांच में शिकायतें सही पाई जाती हैं तो नियमानुसार कठोर कार्रवाई करते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
एनएसयूआई ने विभाग से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कर कार्रवाई की जानकारी शिकायतकर्ता एवं छात्र प्रतिनिधियों को उपलब्ध कराई जाए।
ज्ञापन सौपते हुऐ पुष्पराज साहू, करन यादव, सुमित ठाकुर, राजा खान, अतुल रजक, मनेन्द्र अनंत, सेसु साहू, राहुल साहू मौजूद रहें l

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *