Blog

न्यू मॉडर्न स्कूल का उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम, 10वीं में 75% व 12वीं में 81% सफलता

बिलासपुर। शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे न्यू मॉडर्न स्कूल, चांटीडीह एवं डबरीपारा ने इस वर्ष भी बोर्ड परीक्षा परिणाम में शानदार उपलब्धि हासिल की है। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (CGBSE) द्वारा घोषित 10वीं एवं 12वीं परीक्षा परिणाम 2026 में विद्यालय का प्रदर्शन सराहनीय रहा।
विद्यालय का 12वीं कक्षा का कुल परीक्षा परिणाम 81% रहा, जिसमें विभिन्न संकायों के विद्यार्थियों ने बेहतर अंक अर्जित कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। कला संकाय की छात्रा हेमलता यादव ने 82.4% अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं वाणिज्य संकाय की छात्रा संजना साहू ने 77.2% अंक प्राप्त कर उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की।
इसी प्रकार 10वीं कक्षा का कुल परीक्षा परिणाम 75% दर्ज किया गया। इस वर्ग में प्रियम कश्यप ने 83.5% अंक अर्जित कर विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा प्रकाश बंजारे ने 75.8% तथा आयनी यादव ने 73% अंक प्राप्त कर विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया। अन्य विद्यार्थियों ने भी संतोषजनक प्रदर्शन करते हुए सफलता प्राप्त की।
विद्यालय प्रबंधन ने इस उपलब्धि को विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन एवं अभिभावकों के सहयोग का परिणाम बताया। प्राचार्य श्रीमती किरन सिंह ने कहा कि स्कूल में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, नियमित अभ्यास एवं अनुशासित वातावरण के कारण विद्यार्थियों को सफलता मिल रही है। उन्होंने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए आगे भी इसी तरह मेहनत जारी रखने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय के प्रबंधक श्री नवल किशोर सिंह ने भी विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि संस्था का उद्देश्य केवल परीक्षा में अच्छे अंक लाना ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास करना है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में विद्यालय और बेहतर शैक्षणिक परिणाम देने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगा।
इस अवसर पर विद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल रहा। शिक्षकों एवं अभिभावकों ने भी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं। सफल विद्यार्थियों ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता एवं शिक्षकों को दिया और भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने का संकल्प व्यक्त किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *