सुजल आनंद ने किया कृषि महाविद्यालय बिलासपुर को गौरवान्वित……एग्रीबिजनेस मैनेजमेंट में आनंद कृषि विश्वविद्यालय,गुजरात में हुआ चयन

बिलासपुर – बीटीसी कॉलेज ऑफ एग्रीकल्चर एंड रिसर्च स्टेशन, बिलासपुर (इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर) के छात्र सुजल आनंद ने अपनी उत्कृष्ट उपलब्धि से संस्थान और छत्तीसगढ़ को गौरवान्वित किया है। सुजल का चयन आनंद कृषि विश्वविद्यालय, आनंद (गुजरात) में एग्रीबिजनेस मैनेजमेंट पाठ्यक्रम हेतु स्नातकोत्तर उपाधि के लिए हुआ है।
पूर्णिया (बिहार) निवासी सुजल आनंद, पिता राज कुमार सिंह एवं माता किरण सिंह के पुत्र हैं। उन्होंने सत्र 2024-25 में 7.83 ओजीपीए अंकों के साथ कृषि स्नातक की उपाधि बीटीसी कॉलेज ऑफ एग्रीकल्चर एंड रिसर्च स्टेशन, बिलासपुर से प्राप्त की।
सुजल ने आईसीएआर-जेआरएफ परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 278/480 अंक अर्जित किए तथा ऑल इंडिया रैंक (AIR) – 06 प्राप्त की। उनका लक्ष्य प्रतिष्ठित इंटरनेशनल एग्रीबिजनेस मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट, आनंद कृषि विश्वविद्यालय, आनंद (गुजरात) में प्रवेश लेना था, जिसमें उन्होंने सफलता प्राप्त की।
अपनी सफलता पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए सुजल आनंद ने कहा — “सबसे पहले, मैं अपने माता-पिता और परिवार का हृदय से आभार व्यक्त करता हूँ, जिन्होंने इस पूरी यात्रा में मुझे बिना शर्त प्यार और सहयोग दिया। वे मेरी सफलता की नींव के स्तंभ रहे हैं। साथ ही, मैं अपने रिश्तेदारों, विशेष रूप से अपने चचेरे भाइयों, वरिष्ठ साथियों और सभी शिक्षकों का आभारी हूँ, जिनके मार्गदर्शन और प्रोत्साहन ने मुझे इस मुकाम तक पहुँचने में मदद की। मैं इस अवसर का सर्वोत्तम उपयोग करने की दिशा में निरंतर प्रयासरत रहूँगा।”
सुजल की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर कृषि महाविद्यालय बिलासपुर के अधिष्ठाता डॉ. एन.के. चौरे, समस्त प्राध्यापकों, वैज्ञानिकों, कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दी हैं।
यह उपलब्धि न केवल सुजल आनंद के व्यक्तिगत परिश्रम का परिणाम है, बल्कि कृषि महाविद्यालय बिलासपुर के शैक्षणिक उत्कृष्टता का भी प्रमाण है।