Blog

पहले तो दोस्त की पत्नी के साथ बनाए शारीरिक संबंध और फिर उसके वीडियो के जरिए करने लगा ब्लैकमेल… ब्लैकमेलिंग से परेशान पति-पत्नी ने रची हत्या की साजिश

दूध में नींद की दवा देकर युवक का गला घोंटा

बिलासपुर/मुंगेली। चिल्फी थाना क्षेत्र के ग्राम घानाघाट में
करीब 18 दिन पहले संदिग्ध परिस्थितियों में मिले 24 वर्षीय युवक के शव के मामले का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस के मुताबिक युवक की हत्या ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर एक दंपती ने योजनाबद्ध तरीके से की थी। आरोपियों ने युवक को अपने घर बुलाकर दूध में नींद की दवा मिलाकर पिलाई और उसके बेहोश होने के बाद गमछे से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी पति-पत्नी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार 30 जुलाई 2026 की रात चौकी डिंडौरी क्षेत्र के ग्राम घानाघाट में रामचंद पटेल के घर के पास अरुण पटेल उर्फ वेद प्रसाद पटेल, पिता शिवराज पटेल, उम्र 24 वर्ष, का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। सूचना के बाद चौकी डिंडौरी एवं थाना चिल्फी पुलिस ने मर्ग क्रमांक 17/26 के तहत जांच शुरू की।

मामले की संदिग्ध परिस्थितियों को देखते हुए एसएसपी भोजराम पटेल ने मर्ग की जांच को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। एएसपी प्रशांत शुक्ला एवं लोरमी की एसडीओपी माधुरी धिरही के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने मामले की बारीकी से जांच शुरू की।

महाराष्ट्र में साथ रहने के दौरान बने संबंध

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि करीब तीन वर्ष पहले मृतक अरुण पटेल, आरोपी मुकेश पटेल और उसकी पत्नी मनीषा पटेल मजदूरी करने महाराष्ट्र गए थे। वहां तीनों एक ही कमरे में रहते थे। इसी दौरान अरुण और मनीषा के बीच संबंध स्थापित हो गए।
पुलिस के मुताबिक इस दौरान अरुण ने कथित तौर पर मनीषा के साथ शारीरिक संबंध का वीडियो अपने मोबाइल फोन में बना लिया था। गांव लौटने के बाद वह कथित वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर मनीषा को लगातार ब्लैकमेल कर रहा था। इससे परेशान होकर मनीषा ने पूरी बात अपने पति मुकेश को बताई।

समझाने के बाद भी नहीं माना तो हत्या की बनाई योजना

पुलिस का कहना है कि पति-पत्नी ने अरुण को समझाने का प्रयास किया, लेकिन जब उसकी कथित धमकी और ब्लैकमेलिंग जारी रही तो दोनों ने उसकी हत्या करने की योजना बना ली।
योजना के तहत आरोपियों ने अरुण को अपने घर बुलाया। वहां उसे दूध में नींद की दवा मिलाकर पिला दी। दूध पीने के बाद जब अरुण बेहोश हो गया तो आरोपियों ने गमछे से उसका गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।हत्या के बाद आरोपियों ने शव को रामचंद पटेल के घर के पास ले जाकर फेंक दिया। पुलिस के अनुसार मृतक का मोबाइल फोन और हत्या में प्रयुक्त गमछा भी आरोपियों ने मनियारी नदी में फेंक दिया था।

मर्ग जांच में सामने आया हत्या का राज

मर्ग जांच के दौरान पुलिस को हत्या के साक्ष्य मिलने के बाद थाना चिल्फी में अपराध दर्ज किया गया।पुलिस ने संदेह के आधार पर घानाघाट निवासी मुकेश पटेल पिता भैयालाल, उम्र 34 वर्ष और उसकी पत्नी मनीषा बाई पटेल, उम्र 27 वर्ष, को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में दोनों ने हत्या करना स्वीकार किया और जांच के दौरान उनके खिलाफ प्रमाणित साक्ष्य भी मिले। इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *