अजाक थाना को शहीद वीर नारायण सिंह पुरस्कार, डीएसपी को डीजीपी पुरस्कार…अत्याचार के खिलाफ कार्रवाई पर राज्य की मुहर,पुलिस को दो बड़े सम्मान

बिलासपुर। अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण के मामलों में संवेदनशीलता, त्वरित कार्रवाई और प्रभावी विवेचना के साथ पीड़ितों को न्याय दिलाने की दिशा में बिलासपुर पुलिस के प्रयासों को राज्य स्तर पर बड़ी पहचान मिली है। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बिलासपुर पुलिस को दो प्रतिष्ठित राज्य स्तरीय पुरस्कार मिले है। अजाक थाना बिलासपुर को शहीद वीर नारायण सिंह पुरस्कार और अजाक के डीएसपी डीआर टंडन को डीजीपी पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
दरअसल छत्तीसगढ़ शासन हर वर्ष अनुसूचित जाति-जनजाति, महिलाओं, बच्चों तथा समाज के कमजोर वर्गों के खिलाफ होने वाले अत्याचारों की रोकथाम और ऐसे मामलों में प्रभावी वैधानिक कार्रवाई के लिए पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के उत्कृष्ट कार्यों का सम्मान करता है। इस वर्ष राज्य स्तर पर पांच प्रमुख पुलिस पुरस्कारों के लिए उत्कृष्ट कार्यों का चयन हुआ, जिसमें बिलासपुर पुलिस ने दो पुरस्कार हासिल किए।

एसएसपी रजनेश सिंह के नेतृत्व में वर्ष 2025 के दौरान किए गए कार्यों के आधार पर अजाक थाना बिलासपुर का चयन शहीद वीर नारायण सिंह पुरस्कार के लिए हुआ। स्वतंत्रता दिवस पर थाना को रनिंग शील्ड के साथ 50 हजार रुपये नगद और प्रशस्ति पत्र मिला। वहीं अजाक के डीएसपी डीआर टंडन को पुलिस महानिदेशक पुरस्कार प्रदान किया गया। उन्हें 25 हजार रुपये नगद और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
अजाक थाना को मिले सम्मान के पीछे अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम से जुड़े मामलों में बेहतर विवेचना, समयबद्ध कार्रवाई, पीड़ितों के प्रति संवेदनशील व्यवहार और आरोपियों के खिलाफ प्रभावी कानूनी कार्रवाई प्रमुख आधार रहे। सम्मान के बाद एसएसपी रजनेश सिंह ने थाना प्रभारी उत्तम साहू सहित संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को भी 5-5 हजार रुपये का नगद पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया।
लगातार दूसरी बार बिलासपुर की दस्तक
बिलासपुर पुलिस के लिए यह उपलब्धि इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि लगातार दूसरे वर्ष उसे राज्य स्तरीय सम्मान मिला है। पिछले वर्ष भी स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बिलासपुर पुलिस को शहीद वीर नारायण सिंह पुरस्कार से नवाजा गया था। लगातार दो वर्षों तक सम्मान मिलना अजाक मामलों की विवेचना और पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए पुलिस की कार्यप्रणाली में निरंतरता को दर्शाता है।
एसएसपी बोले, कमजोर वर्ग का भरोसा
एसएसपी रजनेश सिंह ने कहा कि यह सम्मान केवल किसी एक अधिकारी या थाने की उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरी टीम की मेहनत, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी का परिणाम है। उन्होंने कहा कि पुलिस के लिए सबसे महत्वपूर्ण यह है कि किसी पीड़ित को यह महसूस न हो कि उसकी बात नहीं सुनी जा रही है। विशेषकर अनुसूचित जाति-जनजाति और समाज के कमजोर वर्गों से जुड़े मामलों में पुलिस की कार्रवाई निष्पक्ष, संवेदनशील और समयबद्ध होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि राज्य स्तर पर मिला यह सम्मान पुलिस की जिम्मेदारी को और बढ़ाता है। भविष्य में भी ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई, गुणवत्तापूर्ण विवेचना और पीड़ितों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने पर विशेष जोर रहेगा। पुलिस का प्रयास रहेगा कि कानून का भरोसा समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और किसी भी वर्ग के साथ अन्याय होने पर उसे समय पर न्याय मिले।
टीमवर्क ने दिलाई उपलब्धि
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह ने भी इस उपलब्धि को पुलिस टीम के सामूहिक प्रयास का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि सम्मान से अधिकारियों और कर्मचारियों का मनोबल बढ़ा है और भविष्य में और बेहतर काम करने की प्रेरणा मिली है।बिलासपुर पुलिस ने राज्य स्तरीय सम्मान को जिले की जनता के विश्वास और सहयोग से जुड़ी उपलब्धि बताया है। पुलिस ने कानून-व्यवस्था को मजबूत रखने के साथ कमजोर और वंचित वर्गों की सुरक्षा तथा उनके अधिकारों की रक्षा के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है।
डीएसपी बोले,आजक थाना में शिकायतों का हुआ निराकरण और एफआईआर दर्ज हुई
डीएसपी डीआर टंडन ने बताया कि अजाक थाना के आने वाले फरियादियों की सुनवाई हुई और उनकी समस्याओं का निराकरण किया गया ।इसके अलावा एससी,एसटी वर्ग के लोगो की सुनवाई करके उनकी तरफ से एफआईआर दर्ज किया गया।यही नहीं शिकायतों की सुनवाई करके त्वरित निराकरण भी किया गया।जिसके कारण लोगो को कार्रवाई का भरोसा हुआ और लोगो का विश्वास भी जीता गया।
टीआई बोले,मेरा कोई रोल नहीं बल्कि थाना का है।
टीआई उत्तम साहू ने बताया कि उनका किसी तरह का कोई योगदान नहीं है,बल्कि पूरे थाना और डीएसपी साहब का योगदान है।जिसमें सभी लोगों के मिलकर मेहनत किया है।जिसके कारण यह इनाम मिला है।बिना साथ और सहयोग के कभी कुछ नहीं हो सकता।इसमें मेरी पूरी टीम और डीएसपी साहब ने भरपूर सहयोग सौर साथ दिया है।