Blog

पुरानी रंजिश में दो युवकों की जमकर पिटाई

एक के हाथ-पैर टूटे, सिर पर 55 टांके,बेसबॉल बैट-रॉड से हमला,दो आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर। चिगराजपारा इलाके में पुरानी रंजिश को लेकर दो युवकों के साथ बेरहमी से मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष के मुताबिक, 10 से अधिक युवकों ने संजय राजपूत और राजा ठाकुर को घेरकर बेसबॉल बैट, लोहे की पाइप, रॉड और धारदार हथियारों से हमला किया। हमले में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों के सिर पर कुल 55 टांके लगे हैं। वहीं संजय के हाथ-पैर में फ्रैक्चर भी हुआ है। दोनों का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
दरअसल यह घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। सरकंडा थाना पुलिस ने वीडियो में नजर आ रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। जबकि पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है। हालांकि पुलिस फिलहाल हमलावरों की संख्या 10 से कम बता रही है।

शिव मंदिर के आगे घेरा, गाली-गलौज के बाद हमला

पीड़ित परिवार के मुताबिक, घटना 27 अगस्त की शाम करीब 4:30 बजे सरकंडा थाना क्षेत्र के कुंदरूबाड़ी स्थित शिव मंदिर के आगे चिगराजपारा इलाके में हुई।कुंदरूबाड़ी निवासी संजय राजपूत अपने रिश्ते के मामा लगने वाले लिल्ले और परिचित राजा ठाकुर के साथ वहां गया था। इसी दौरान आदि, किड्डू, कैलाश और उनके अन्य साथियों ने उन्हें कथित तौर पर घेर लिया।पीड़ित पक्ष का आरोप है कि आरोपियों ने पुराने विवाद को लेकर पहले गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद अचानक बेसबॉल बैट, लोहे की पाइप और रॉड समेत अन्य हथियारों से हमला शुरू कर दिया।

लिल्ले भाग निकला, संजय और राजा को बेरहमी से पीटा

हमले के दौरान लिल्ले अपनी जान बचाकर वहां से भागने में सफल रहा। वहीं संजय और राजा हमलावरों के बीच फंस गए। दोनों पर लगातार हमला किया गया, जिससे उन्हें सिर समेत शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।इधर घटना की जानकारी मिलने के बाद डायल-112 की मदद से दोनों घायलों को पहले सिम्स अस्पताल ले जाया गया। इसके बाद उन्हें वेगस अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

संजय के सिर पर 25, राजा को 30 टांके

हमले की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि संजय राजपूत के सिर पर करीब 25 टांके लगे हैं। उसके हाथ और पैर में फ्रैक्चर भी हुआ है। वहीं राजा ठाकुर के सिर पर घातक वार किया गया, जिसके बाद उसके सिर पर करीब 30 टांके लगाए गए। पीड़ित पक्ष के मुताबिक, राजा के पैर में भी गंभीर चोट आई है।

मारपीट का वीडियो वायरल, पुलिस ने 2 को पकड़ा

मारपीट की घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो के आधार पर पुलिस ने घटना में शामिल आरोपियों की पहचान की दिशा में कार्रवाई की।

परिजनों ने पुलिस की कार्रवाई पर उठाए सवाल

घटना के बाद पीड़ित परिवार ने पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए हैं। परिजनों का आरोप है कि दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चल रहा था और घटना से कुछ दिन पहले भी मामला थाने तक पहुंचा था।
परिजनों का कहना है कि उस समय यदि पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों के खिलाफ ठोस कार्रवाई की होती, तो शायद विवाद इस स्तर तक नहीं पहुंचता। उनका कहना है कि इस समय उनके बच्चे अस्पताल में गंभीर हालत में इलाज करा रहे हैं। पीड़ित परिवार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहा है।

पुलिस बोली,दो आरोपी गिरफ्तार ,बाकी की तलाश जारी

सरकंडा थाना प्रभारी प्रदीप आर्य ने बताया कि घटना से जुड़े वीडियो में दिखाई दे रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।
परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *