पुराने बस स्टैंड से युवक का अपहरण,मारपीट के बाद बाइक में जबरन बैठाकर ले गए थे आरोपी…तारबाहर पुलिस ने दो फरार आरोपियों को दबोचा

बिलासपुर। पुराने बस स्टैंड में युवक से मारपीट के बाद उसे जबरदस्ती मोटरसाइकिल में बैठाकर ले जाने और अपहरण के मामले में तारबाहर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। इस मामले में पुलिस पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
मामला थाना तारबाहर क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक प्रार्थी छोटू पासी उर्फ दीपू पासी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 9 अगस्त 2026 को मोबाइल में वायरल वीडियो के माध्यम से उसे घटना की जानकारी मिली। वीडियो के अनुसार उसी दिन सुबह करीब 6.30 बजे पुराने बस स्टैंड स्थित शराब भट्ठी के पास, सुलभ के सामने, वासु केशरवानी के साथ पुरानी रंजिश को लेकर गामा, भाउ, जोये और भोला ने कथित तौर पर अश्लील गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्के और डंडे से मारपीट की। आरोपियों ने वासु को मारने के लिए पत्थर भी उठाया था।
मारपीट के बाद वासु को अपने साथ ले गए। इसके बाद तारबाहर चौक में जब वासु ऑटो में बैठा, तब दो लोगों द्वारा उसे तारबाहर नाका के पास से जबरदस्ती मोटरसाइकिल में बैठाकर दीपूपारा बस्ती की ओर ले जाते हुए देखा गया।
पुलिस के अनुसार, वासु के मोबाइल फोन पर जोये ने फोन कर उसके बारे में पूछताछ की और उसे जान से मारने की धमकी भी दी। 9 अगस्त को सुबह करीब 7.14 बजे के बाद वासु अपने घर नहीं पहुंचा और उसके संबंध में कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद मामले की रिपोर्ट तारबाहर थाने में दर्ज कर अपराध कायम कर विवेचना शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह (भापुसे) को घटना से अवगत कराया गया। उनके द्वारा तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) बिलासपुर पंकज कुमार पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक सिटी कोतवाली गगन कुमार (भापुसे) के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी तारबाहर निरीक्षक रविशंकर तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर विवेचना और आरोपियों की तलाश शुरू की गई।
विवेचना के दौरान पुलिस ने पहले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने रमजान अली उर्फ गामा और प्रिंस रजक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया था। वहीं मामले में फरार चल रहे अन्य आरोपियों की पतासाजी की जा रही थी।
इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से फरार आरोपियों के संबंध में सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की और जोई एंथोनी तथा जितेंद्र छाबड़ा को पकड़ लिया।पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई कर रिमांड पर जेल दाखिल कर दिया गया है।