Blog

पैतृक जमीन के बंटवारे को लेकर सगे भाई ने ही भाई-भाभी की हत्या की थी

नवलपुर में दंपति की दोहरी हत्या का खुलासा,सगा भाई निकला हत्यारा

बिलासपुर/मुंगेली।लोरमी थाना क्षेत्र के ग्राम नवलपुर में हुए चर्चित दंपति दोहरी हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पैतृक जमीन के बंटवारे को लेकर सगे भाई ने ही भाई-भाभी की हत्या की थी। पुलिस ने आरोपी नंदु कश्यप (46) को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
थाना लोरमी में 25 अगस्त को मोहन कश्यप ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसके माता-पिता नंदकुमार कश्यप (50) और गौरीबाई कश्यप (50) नवलपुर में अकेले रहते हैं। 18 अगस्त को फोन पर बात हुई थी, उसके बाद संपर्क नहीं हुआ। 24 अगस्त को घर पहुंचने पर बाहर ताला लगा था और अंदर से दुर्गंध आ रही थी। ताला तोड़ने पर दोनों अलग-अलग बिस्तरों पर मृत मिले। मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई। बिलासपुर सिम्स में पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने पर थाना लोरमी में अपराध क्र. 365/2026 धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।


मामले की गंभीरता को देखते हुए रेंज आईजी रामगोपाल गर्ग और एसएसपी भोजराम पटेल के निर्देश पर एएसपी डॉ. प्रशांत शुक्ला के मार्गदर्शन में डीएसपी माधुरी धिरही और डीएसपी हरविन्दर सिंह के नेतृत्व में थाना लोरमी और साइबर सेल की विशेष टीम गठित की गई।
जांच में सामने आया कि 8 एकड़ पैतृक जमीन में से 3-3 एकड़ दोनों भाइयों को और 1 एकड़ बहन को दिया गया था, जबकि 50 डिसमिल जमीन पिता के पास थी, जो देखरेख करने पर नंदु को मिलनी थी। इसी 50 डिसमिल में मृतक द्वारा आधा हिस्सा मांगने पर विवाद बढ़ गया था। 16 अगस्त को खेत में खाद बह जाने को लेकर भी विवाद हुआ था।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 19 अगस्त की दरम्यानी रात वह लोहे की कुदरी लेकर भाई के घर पहुंचा। पड़ोसी की बाड़ी से बाउंड्री पार कर छत के रास्ते घर में घुसा। बरामदे में सो रहे भाई नंदकुमार के सिर पर कुदरी से वार किया। आवाज सुनकर जागी भाभी गौरीबाई ने उसे पहचान लिया तो उस पर भी हमला कर हत्या कर दी। इसके बाद घर को सामान्य दिखाने के लिए अलमारी खोली, आंगन में हाथ-पैर और कुदरी धोई, बाहर से ताला लगाकर फरार हो गया और कुदरी को ट्यूबवेल में छिपा दिया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कुदरी जप्त कर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *