Blog

प्लेटफॉर्म पर बैग में 13 किलो गांजा, जबलपुर जाने से पहले युवक गिरफ्तार

बिलासपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म 7-8 पर जीआरपी की कार्रवाई

गांजे की कीमत करीब 6.47 लाख रुपए

बिलासपुर। बिलासपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 7-8 पर बैग में गांजा लेकर खड़े एक युवक को जीआरपी ने गिरफ्तार किया है। आरोपी गांजा लेकर जबलपुर जाने की तैयारी में था। मुखबिर से सूचना मिलने के बाद जीआरपी की टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ा। तलाशी में उसके बैग से 12 किलो 950 ग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 6 लाख 47 हजार 500 रुपए बताई गई है।

जीआरपी को सूचना मिली थी कि प्लेटफॉर्म नंबर 7-8 पर एक व्यक्ति बैग में गांजा लेकर खड़ा है और कुछ देर बाद वहां से रवाना होने वाला है। सूचना पर टीआई विशु यादव और एसआई विश्वनाथ चक्रवर्ती की टीम मौके पर पहुंची। संदिग्ध युवक को घेराबंदी कर रोकने के बाद उसके बैग की तलाशी ली गई। बैग से गांजा बरामद होने पर उसे हिरासत में ले लिया गया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम दीपक गुप्ता (33) बताया। वह मध्यप्रदेश के सतना जिले के टिकुरिया टोला, थाना कोलगवां क्षेत्र का रहने वाला है। आरोपी ने खुद को वेंडर बताया और पुलिस को बताया कि वह गांजा लेकर जबलपुर जाने वाला था।
आरोपी के अनुसार प्लेटफॉर्म पर किसी दूसरे व्यक्ति ने उसे गांजा दिया था। हालांकि उसने उस व्यक्ति की पहचान के बारे में जानकारी होने से इनकार किया। उसने पुलिस को जबलपुर में भी गांजा लेने के लिए किसी व्यक्ति से मिलने की बात बताई है।

जीआरपी ने आरोपी का मोबाइल जब्त कर लिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी अकेले गांजा ले जा रहा था या इसके पीछे कोई सप्लाई नेटवर्क काम कर रहा है। जीआरपी ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *