बढ़ गए दाम आटा, सूजी और मैदा के…!

– बढ़ने वाली है कीमत ब्रेड,टोस्ट सहित अन्य बेकरी आयटमों की
बिलासपुर- गेहूं न्यूनतम 2800 से 3000 रुपए। गेहूं अधिकतम 3300 से 3800 रूपए क्विंटल। बढ़ गए हैं दाम आटा, सूजी एवं मैदा के। बढ़ सकती है कीमत ब्रेड, टोस्ट सहित अन्य बेकरी आयटमों की क्योंकि शार्टनिंग और खाद्य तेल भी महंगा हो चुका है।
बेकरी संचालक अब परेशान हो चले हैं आधार सामग्री की कीमतों में आ रही उछाल के बाद। तैयार उत्पादन की कीमत बढ़ाकर नुकसान की भरपाई की कोशिश भी काम नहीं आई। इसलिए अब ऐसे उपाय की खोज की जा रही है, जिससे उत्पादन लागत में कमी लाई जा सके।

गेहूं, तब और अब
चालू हो चुके हैं पर्व एवं त्यौहारों के दिन। मांग के दबाव में है गेहूं। थोक एवं खुदरा बाजार की खरीदी चालू हो चुकी है। इसलिए गेहूं की सामान्य और शरबती किस्में तेज हो चलीं हैं। जो सामान्य गेहूं 2500 से 2800 रुपए क्विंटल पर बिकता था, वह अब 2800 से 3000 रुपए क्विंटल पर जा पहुंचा है। गेहूं शरबती में नई कीमत 3300 से 3800 क्विंटल बोली जा रही है। इसमें भी क्विंटल पीछे 200 से 300 रुपए की तेजी आ चुकी है।

गर्म यह तीनों
गेहूं में आई तेजी का असर आटा, सूजी और मैदा पर भी पड़ चुका है। आटा में प्रति किलो कीमत अब 40 से 60 रुपए बोली जा रही है। तेजी के पूर्व यह 37 से 57 रुपए किलो पर था। मैदा 35 से 55 रुपए किलो की जगह 40 से 60 रुपए किलो पर जा पहुंचा है। सूजी 45 से 65 रुपए किलो की जगह 50 से 70 रुपए किलो पर जा पहुंची है। तेजी आने वाले दिनों में भी बनी रह सकती है क्योंकि पर्व एवं त्यौहारी मांग ने दस्तक दे दी है।

सांसत में बेकरियां
आधार सामग्रियों में खाद्य तेल और शार्टनिंग भी हैं जिनमें लगातार तेजी आई हुई है। सोयाबीन तेल 150 से 155 रुपए, सनफ्लावर 165 से 180 रुपए और वनस्पति यानी शार्टनिंग में प्रति किलो कीमत 140 से 170 रुपए बोली जा रही है। इससे ब्रेड, टोस्ट,केक, पेटीज, कुकीज़, क्रीम रोल, नान खटाई और ब्रेड स्टिक जैसे रोजाना मांग वाले बेकरी आइटमों की उत्पादन लागत बढ़ चुकी है। कीमत बढ़ाकर उत्पादन लागत कम करने की कोशिश काम नहीं आ रही है इसलिए विकल्प की तलाश में हैं बेकरियां।