बैग और स्कूटी की डिक्की में भरकर ले जा रहे थे 90 बोतल शराब,अवैध शराब तस्कर और एक नाबालिग गिरफ्तार

बिलासपुर। जिले के बिल्हा थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब की तस्करी पर कार्रवाई की है। पुलिस की सादे कपड़ों वाली टीम ने स्कूटी से शराब का परिवहन करते हुए एक युवक और एक अपचारी बालक को पकड़ा है। इनके पास से पुलिस ने 16 लीटर से अधिक मात्रा में देशी शराब बरामद की है। दोनों आरोपी दगौरी स्थित भट्ठी से यह शराब खरीदकर ला रहे थे। पुलिस ने शराब और वाहन जप्त कर आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
जिले में शराब कोचियों और अवैध परिवहन करने वालों के खिलाफ इन दिनों पुलिस का अभियान चल रहा है। एसएसपी रजनेश सिंह ने जिले के सभी थाना और चौकी प्रभारियों को इस दिशा में कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इन आदेशों पर अमल करते हुए एएसपी मधुलिका सिंह और चकरभाठा के सीएसपी राजेश जोशी के मार्गदर्शन में बिल्हा पुलिस चेकिंग कर रही है।
थाना प्रभारी ने अवैध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए थाने के स्तर पर ही एक सिविल टीम का गठन किया है। यह टीम लगातार बीट भ्रमण कर रही है और ग्रामीण इलाकों में लोगों से संपर्क बनाए हुए है। इसी जनसंपर्क के दौरान पुलिस को मुखबिरों के माध्यम से सूचनाएं मिल रही हैं।
इसी बीच मुखबिर से बिल्हा पुलिस को सूचना मिली। मुखबिर ने बताया कि दो लोग दगौरी शराब दुकान से भारी मात्रा में शराब लेकर निकले हैं। वे स्कूटी क्रमांक सीजी 10 सीडी 4775 पर सवार हैं और पीछे बैठे व्यक्ति ने अपने पास एक काले रंग का बैग रखा है, जिसमें शराब भरी हुई है।सूचना मिलते ही थाना प्रभारी बिल्हा ने अपनी टीम को रवाना किया और उड़गन रेलवे फाटक के पास घेराबंदी कर दी। कुछ ही समय बाद वहां से बताई गई स्कूटी गुजरती हुई दिखाई दी। पुलिस की टीम ने वाहन को रोक लिया। पूछताछ में स्कूटी चलाने वाले ने अपना नाम राजेंद्र यादव 25 वर्ष बताया, जो मुन्ना यादव का बेटा है और पत्थरखान भाठा, थाना बिल्हा का रहने वाला है। उसके पीछे स्कूटी पर एक अपचारी बालक बैठा हुआ था।
पुलिस ने जब उनकी तलाशी ली तो पीछे बैठे बालक के पास मौजूद काले रंग के बैग से 60 नग देशी प्लेन शराब मिली। इसके बाद जब स्कूटी की डिक्की चेक की गई, तो उसके अंदर से 30 नग देशी मसाला शराब बरामद हुई। मौके से कुल 90 नग शराब मिली, जिसकी मात्रा 16.200 लीटर है। इस शराब की कीमत 9000 रुपये बताई गई है।पुलिस ने मौके से शराब के साथ परिवहन में इस्तेमाल की जा रही स्कूटी को भी जप्त कर लिया है। पकड़े गए आरोपी राजेंद्र यादव और अपचारी बालक के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत अपराध दर्ज किया गया। पुलिस ने दोनों को न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। थाना स्तर पर यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।