Blog

मानवता की सेवा में श्री सर्वेश्वरी समूह, जरूरतमंदों के बीच बांटे 400 निःशुल्क पंखे

बिलासपुर | अघोरपीठ श्री सर्वेश्वरी समूह के 19 सूत्रीय कार्यक्रमों के अंतर्गत परमपूज्य अघोरेश्वर भगवान राम जी की असीम कृपा एवं पूज्य गुरुदेव गुरूपद संभवराम बाबा जी के पावन निर्देशन में में भीषण गर्मी से राहत पहुंचाने हेतु एक सराहनीय सेवा अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत जिला चिकित्सालय बिलासपुर में उपचाररत मरीजों, अस्पताल स्टाफ तथा शहर के विभिन्न बाजारों में तपती धूप के बीच कार्य कर रहे जरूरतमंद लोगों को 400 हस्तचलित बांस के पंखे निःशुल्क वितरित किए गए।

सेवा अभियान के दौरान जिला चिकित्सालय में भर्ती मरीजों एवं उनके परिजनों को पंखे वितरित कर उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की गई। वहीं कोनी बाजार, बृहस्पति बाजार, सीपत चौक बाजार एवं मंगला गड्डा बाजार, तुर्काडीह बाजार में सब्जी एवं फल विक्रेताओं को भी पंखे प्रदान कर उनके व्यवसाय में उन्नति एवं समृद्धि के लिए माँ सर्वेश्वरी से प्रार्थना की गई।

इस अवसर पर शाखा मंत्री उमेशनारायण मिश्रा ने बताया कि श्री सर्वेश्वरी समूह के 19 सूत्रीय कार्यक्रमों के अंतर्गत प्रत्येक वर्ष भीषण गर्मी के मौसम में जरूरतमंद लोगों के लिए निःशुल्क पंखा वितरण का सेवा कार्य संचालित किया जाता है। उन्होंने कहा कि समूह का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा और सहयोग का संदेश पहुंचाना है।

उन्होंने आगे जानकारी देते हुए बताया कि समूह द्वारा आगामी माह जून में निःशुल्क झाड़ू वितरण अभियान भी चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत मंदिर, मस्जिद, गुरुद्वारा एवं गिरजाघरों सहित विभिन्न धार्मिक एवं सार्वजनिक स्थलों पर स्वयंसेवकों द्वारा झाड़ू पहुंचाए जाएंगे। यह कार्यक्रम स्वच्छ भारत अभियान की भावना को सशक्त बनाने एवं स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित किया जाता है।

श्री सर्वेश्वरी समूह द्वारा संचालित यह सेवा कार्य सामाजिक सरोकार, मानवीय संवेदना और जनकल्याण की भावना का उत्कृष्ट उदाहरण है, जिसकी स्थानीय नागरिकों ने सराहना की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *