मामूली विवाद में खूनी संघर्ष,दो भाइयों समेत तीन युवक घायल
कहीं चूड़े से सिर फोड़ा तो कहीं हंसिया से हमला
सिम्स गेट के पास शराब के लिए रुपए नहीं देने पर हथेली काटी
बिलासपुर। शहर और आसपास के इलाकों में मामूली विवाद के बाद मारपीट और धारदार हथियार से हमले की दो घटनाओं में तीन युवक घायल हो गए। चकरभाठा के ग्राम धमनी में विवाद के दौरान एक युवक के सिर पर भारी चूड़े से हमला किया गया। घायल भाई की वजह पूछने पहुंचे बड़े भाई पर आरोपी और उसकी बहन ने हंसिया से हमला कर दिया। वहीं, सिम्स अस्पताल के गेट के पास शराब पीने के लिए रुपए देने से मना करने पर एक युवक की हथेली पर धारदार हथियार से वार कर दिया गया। दोनों मामलों में पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दरअसल पहली घटना चकरभाठा ग्राम धमनी में शुक्रवार रात मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। ग्राम निवासी पंचराम गांव के कलेश चिकन सेंटर के सामने था। आरोप है कि इसी दौरान राजेश पाल उर्फ कोटारू ने गाली-गलौज करते हुए हाथ में पहने भारी चूड़े से पंचराम के सिर पर वार कर दिया। हमले में पंचराम घायल हो गया।रात करीब 9:20 बजे पंचराम का छोटा-बड़ा भाई रामस्वरूप साहू 22 मुर्गी लेकर घर लौट रहा था। रास्ते में उसे पंचराम सिर पकड़कर लहूलुहान हालत में मिला। भाई से घटना की जानकारी लेने के बाद रामस्वरूप रात करीब 9:30 बजे राजेश के घर पहुंचा।
आरोप है कि वहां राजेश ने गाली-गलौज करते हुए हंसिया से रामस्वरूप के सिर और दाहिनी आंख पर हमला कर दिया। इसी दौरान राजेश की बहन मनीषा पाल ने भी रामस्वरूप के चेहरे पर मुक्कों से हमला किया। दोनों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी। ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर दोनों भाइयों को अस्पताल पहुंचाया। चकरभाठा पुलिस मामले की जांच कर आरोपियों की तलाश कर रही है।
शराब के लिए रुपए नहीं दिए तो युवक की हथेली काटी
इसी तरह दूसरी घटना सिम्स अस्पताल के गेट के पास शाम करीब 6:30 बजे हुई। छोटी कोनी बॉम्बे आवास देवनगर निवासी राहुल श्रीवास 21 पुट्टी-पेंटिंग का काम करता है। वह सिम्स गेट के पास खड़ा था, तभी क्षेत्र का आशीष यादव वहां पहुंचा और शराब पीने के लिए रुपए मांगने लगा।राहुल ने रुपए देने से मना किया तो आशीष ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपी ने धक्का-मुक्की करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद जेब से नुकीला धारदार हथियार निकालकर राहुल की दाहिनी हथेली पर वार कर दिया। हमले में राहुल के हाथ से खून बहने लगा। आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर उसे बचाया।
घायल राहुल की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। दोनों घटनाओं में पुलिस आरोपियों की तलाश और घटना के कारणों की जांच कर रही है।