Blog

मामूली विवाद में गाली-गलौज के बाद चाकू से हमला,तोरवा पुलिस ने तीन आरोपियों को दबोचा

बिलासपुर । तोरवा थाना क्षेत्र के बुधवारी बाजार के पास मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। गाली-गलौज और मारपीट के बाद एक युवक पर धारदार चाकू से हमला कर दिया गया। घटना में घायल राकेश करिहारे को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। मामले में तोरवा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, 30 अगस्त को सूचना मिली कि बुधवारी बाजार के पास एक व्यक्ति को चाकू मार दिया गया है। सूचना मिलते ही तोरवा पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई। घायल की पहचान बापूनगर, तोरवा निवासी राकेश करिहारे के रूप में हुई। पुलिस ने घायल को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। घटना के संबंध में घायल के पुत्र राज करिहारे की रिपोर्ट पर तोरवा थाने में अपराध दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच और पतासाजी के दौरान पुलिस ने घटना में शामिल नवल उर्फ अरूण यादव 24 वर्ष निवासी कंस्ट्रक्शन कॉलोनी तारबाहर, सौरभ उर्फ नंगू परिहार 20 वर्ष, निवासी कंस्ट्रक्शन कॉलोनी तारबाहर और राहुल चौहान 29 वर्ष, निवासी बापू नगर
तोरवा को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया एक नग चाकू भी जब्त किया है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 296, 351(3), 115(2), 181/1, 3(5) बीएनएस तथा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार तीनों आरोपियों को 1 सितंबर 2026 को न्यायालय में पेश किया गया। मामले में शामिल अन्य फरार आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और फरार आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *