Blog

यूटीडी परीक्षा समय-सारणी में संशोधन की मांग,छात्रों ने कुलसचिव को सौंपा ज्ञापन, छात्र हित में सारणी का हो निर्धारण : अंकुर अवस्थी

बिलासपुर। अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय के यूटीडी के छात्र-छात्राओं द्वारा परीक्षा समय-सारणी में संशोधन की मांग को लेकर कुलसचिव को ज्ञापन सौंपा गया। छात्रों ने बताया कि विश्वविद्यालय द्वारा जारी समय-सारणी के अनुसार यूटीडी की परीक्षाएं 01 जून से प्रस्तावित हैं, जबकि वर्तमान में कई विभागों में तृतीय आंतरिक परीक्षाएं अभी शेष हैं। इसके साथ ही प्रेजेंटेशन, प्रैक्टिकल, थीसिस कार्य सहित अन्य शैक्षणिक गतिविधियां भी जारी हैं तथा कई विषयों का पाठ्यक्रम भी पूर्ण नहीं हुआ है।
छात्रों का कहना है कि ऐसी स्थिति में परीक्षा की तैयारी हेतु पर्याप्त समय नहीं मिल पाएगा और अध्ययन अवकाश (PL) का समुचित लाभ भी विद्यार्थियों को नहीं मिल सकेगा, जिससे परीक्षा परिणाम प्रभावित होने की आशंका है। छात्रों ने मांग की कि छात्रहित को ध्यान में रखते हुए यूटीडी परीक्षाओं को लगभग 10 दिवस आगे बढ़ाया जाए तथा संबंधित विभागों को शेष शैक्षणिक कार्य शीघ्र पूर्ण करने हेतु निर्देश जारी किए जाएं।
छात्रों ने यह भी मांग रखी कि जून माह के चौथे सप्ताह में आयोजित होने वाली यूजीसी-नेट सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं के कार्यक्रम को भी ध्यान में रखते हुए परीक्षा समय-सारणी में उचित परिवर्तन किया जाए।

अंकुर अवस्थी एवं यूटीडी के छात्र-छात्राओं द्वारा ज्ञापन सौंपकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की गई। इस पर कुलसचिव ने आश्वासन दिया कि इस विषय को विभागों की होने वाली संयुक्त बैठक में रखा जाएगा तथा आवश्यक विचार-विमर्श किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *