Blog

रतनपुर में मामूली विवाद बना खूनी संघर्ष, युवक की ईंट से हमला कर हत्या, आरोपी हिरासत में

रतनपुर से वासित अली की रिपोर्ट

रतनपुर। रतनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम अकलतरी में शनिवार देर रात नशे की हालत में हुई गाली-गलौज एक युवक की हत्या का कारण बन गई। मामूली कहासुनी कुछ ही मिनटों में खूनी संघर्ष में बदल गई, जिसमें इंद्रप्रकाश उर्फ गोलू भार्गव की बेरहमी से हत्या कर दी गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मोहल्ले में कुछ लोग नशे की हालत में गाली-गलौज कर रहे थे। इसी बात को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि विवाद के दौरान हमलावर इंद्रप्रकाश उर्फ गोलू भार्गव के घर तक पहुंच गए और छत पर चढ़कर हमला कर दिया।
बताया जा रहा है कि आरोपियों ने घर की छत की दीवार से ईंट निकालकर इंद्रप्रकाश के सिर पर ताबड़तोड़ वार किए। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई और स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
वारदात की सूचना रात करीब 1 बजे मिलते ही थाना प्रभारी निलेश पांडेय पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पहुंचे। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपियों को हिरासत में ले लिया। साथ ही घटनास्थल को सुरक्षित कर एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) टीम को जांच के लिए बुलाया गया है।


पुलिस के अनुसार, फॉरेंसिक जांच पूरी होने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आरोपियों से पूछताछ जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *